Sunetra Pawar New Deputy CM: महाराष्ट्र की राजनीति में अजित पवार के निधन के बाद बड़ा बदलाव आ गया है। बुधवार को हुए विमान हादसे में उपमुख्यमंत्री और NCP नेता अजित पवार की मृत्यु के बाद अब उनके परिवार एवं पार्टी के बीच डिप्टी सीएम पद से संबंधित चर्चा ख़त्म होती नजर आ रही है। सूत्रों के मुताबिक, अब उनके जाने के बाद उनके स्थान पर सुनेत्रा पवार को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाएगी। अजित पवार का निधन बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान हुए विमान हादसे में हुआ, जिसमें वे और शीर्ष नेताओं समेत चार अन्य लोग भी मारे गए थे। उनके अंतिम संस्कार में भारी संख्या में समर्थक, नेता और नागरिक शामिल हुए और राजकीय सम्मान के साथ उन्हें विदाई दी गई।
पत्नी सुनेत्रा पवार को जोरदार समर्थन
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार आज बारामती में पवार परिवार की बैठक हुई, जिसमें सुनेत्रा पवार, पार्थ पवार, जय पवार और नरेश अरोड़ा समेत वरिष्ठ नेताओं ने आगामी राजनीतिक बदलावों पर चर्चा की। इसी बैठक के बाद यह तय हुआ है कि सुनेत्रा पवार को पार्टी ने डिप्टी सीएम पद के लिए आगे बढ़ाया है।
कल शपथ होने की संभावना
सूत्र बताते हैं कि शनिवार को विधान भवन में NCP विधायक दल की बैठक आयोजित होगी। बैठक के बाद सुनेत्रा पवार को विधायक दल का नेता चुना जाएगा और फिर शाम को राजभवन में उपमुख्यमंत्री के पद की शपथ दिलाई जाएगी। इस प्रक्रिया के पूरा होने के साथ ही महाराष्ट्र में एक नए नेतृत्व की शुरुआत होगी।
यह भी देखेंःPolitical Tension in Mahoba: महोबा में राजनीतिक तनातनी, बीजेपी विधायक ने रोका मंत्री का काफिला
एनसीपी अध्यक्ष पद पर भी चर्चा
वहीं, पार्टी संगठन में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। सुनेत्रा पवार के अलावा प्रफुल पटेल का नाम NCP के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए चर्चा में है। पटेल वर्तमान में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष हैं और वे अजित पवार के करीबी सहयोगियों में से एक रहे हैं।
राजनीतिक असर और आगे की राह
अजित पवार के निधन से महाराष्ट्र की सियासत में भारी प्रभाव पड़ा है। उनके जाने के बाद विपक्ष और सहयोगी दलों में भी प्रतिक्रियाएँ देखने को मिली हैं। सुनेत्रा पवार के डिप्टी सीएम पद पर आने से आने वाले दिनों में राज्य की राजनीति में नई धारा देखने को मिल सकती है, जिसे लेकर सभी दलों की नजरें लगी हैं।