भारतीय रेलवे ने अपने डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म को और मज़बूत बनाते हुए CRIS द्वारा विकसित RailOne नामक “सुपर ऐप” लॉन्च किया है. यह ऐप यात्रियों को एक ही जगह से एकीकृत सेवाएं उपलब्ध कराता है. टिकट बुकिंग से लेकर प्लेटफॉर्म टिकट, फूड ऑर्डरिंग और शिकायत निवारण सभी अब आसान हो गए हैं. RailOne ऐप भारत में रेल यात्रियों की सेवाओं को पारदर्शी और सरल बनाएगा. यात्रियों को अब टिकट, भोजन, शिकायत सब कुछ एक ही जगह पर करने का ऑप्शन मिलेगा. यह पहल भारतीय रेलवे के डिजिटल ट्रांसफ़ॉर्मेशन और जनता के हित में तकनीकी पहुंच बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
एक ऐप में सारी सेवाएं
RailOne में निम्नलिखित सुविधाएं शामिल हैं-
आरक्षित, अनारक्षित, प्लेटफ़ॉर्म टिकट बुकिंग
लाइव ट्रेन ट्रैकिंग, PNR स्थिति और कोच लोकेशन पता करना
Rail Madad के जरिए शिकायत दर्ज करना
फ़ूड ऑन ट्रैक – सीट पर भोजन मंगवाना
रिफंड फाइल करना- R-Wallet पेमेंट (mPIN/बायोमेट्रिक के साथ)
मंथली पास, यात्रा योजनाएं और मेल/फ्रेट पूछताछ की सुविधा
उपयोगकर्ताओं के लिए सिंगल साइन-ऑन की सुविधा है, IRCTC Rail Connect या UTS के लॉगिन का इस्तेमाल किया जा सकता है.
यह ऐप यात्रियों के समय और स्टोरेज दोनों बचाएगा, क्योंकि अब कई ऐप आवश्यक नहीं रहेंगे. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने CRIS की 40वीं स्थापना दिवस पर ऐप का शुभारंभ किया. यह तकनीकी उन्नति की ओर एक बड़ा कदम मानी जा रही है.
कैसे करें डाउनलोड
Android और iOS दोनों पर उपलब्ध.
गेस्ट यूजर भी मोबाइल और OTP के जरिए ऐप की सीमित सेवाओं को देख सकते हैं.
फिलहाल यह बीटा वर्जन है और आधिकारिक स्टोर पर जल्द ही जारी किया जाएगा.
आगे की क्या है प्लानिंग
दिसंबर 2025 तक मॉडर्न PRS सिस्टम का दायरा बढ़ाकर प्रति मिनट 1.5 लाख रिज़र्वेशन और 40 लाख पूछताछ करने योग्य बनाया जायेगा. तत्काल बुकिंग के लिए नए सत्यापन नियम लागू होंगे.