नीम करोली बाबा को आज भी लोग हनुमान जी का अवतार मानते हैं. भक्तों की मानें तो बाबा के चमत्कार ऐसे थे, जो विज्ञान और तर्क की सीमाओं से परे हैं. वह न केवल हनुमान जी के अनन्य भक्त थे, बल्कि उनके जीवन में ऐसी घटनाएं घटती रहीं, जिन्होंने उन्हें "चमत्कारी बाबा" की उपाधि दिलाई.
कैंची धाम का अद्भुत भंडारा
कहा जाता है कि एक बार बाबा के पावन स्थल कैंची धाम में भंडारे का आयोजन चल रहा था. अचानक घी की कमी हो गई. जब यह बात बाबा को बताई गई, तो उन्होंने आदेश दिया कि शिप्रा नदी से कनस्तर भर लाओ. लोग असमंजस में थे, पर उन्होंने बाबा की बात मानी. जब नदी का पानी कड़ाही में डाला गया, तो सभी के सामने वह पानी घी में बदल गया. यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए अविश्वसनीय था.
खारे पानी को बना दिया मीठा
एक गांव में बाबा के आगमन से पहले वहां का कुआं खारा था, जिससे लोगों को पीने के पानी की भारी समस्या थी. बाबा ने वहां कुछ समय ध्यान किया और फिर कहा कि अब पानी पीने लायक हो गया है. आश्चर्य की बात यह थी कि उस कुएं का खारा पानी एकदम मीठा हो गया और आज भी लोग उस चमत्कार को याद करते हैं.
बिना टिकट ट्रेन में और रुकी रेलगाड़ी
एक बार नीम करोली बाबा बिना टिकट के ट्रेन में सफर कर रहे थे. वह फर्स्ट क्लास में बैठे थे. जब टिकट चेकर (टीटी) आया और बाबा से टिकट मांगा, तो उनके पास टिकट नहीं था. उन्हें ट्रेन से उतार दिया गया. पर जैसे ही बाबा उतरे, ट्रेन कई बार कोशिश के बावजूद आगे नहीं बढ़ी. आखिरकार, ट्रेन के स्टाफ ने बाबा से क्षमा मांगी और उन्हें दोबारा बिठाया. जैसे ही बाबा चढ़े, ट्रेन चल पड़ी.
विश्वभर में फैली आस्था
नीम करोली बाबा के चमत्कार केवल भारत में ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में फैले हैं. उनकी महिमा पर कई किताबें लिखी जा चुकी हैं. ऐप्पल के स्टीव जॉब्स और फेसबुक के मार्क जुकरबर्ग जैसे दिग्गज भी उनके भक्त रहे हैं. बाबा के प्रति श्रद्धा आज भी पहले जैसी ही अडिग और व्यापक है.