आजकल सेहतमंद रहने के लिए कई लोग सप्लीमेंट्स का इस्तेमाल कर रहे हैं. खासकर महिलाएं फिटनेस और स्किन से जुड़ी सलाह मानकर तरह-तरह के हेल्थ सप्लीमेंट लेना शुरू कर देती हैं. लेकिन क्या आप जानती हैं कि कुछ मशहूर सप्लीमेंट्स आपके लिवर और हार्ट के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं. हाल ही में आई एक रिपोर्ट में बताया गया है कि कुछ आम सप्लीमेंट्स का ज़्यादा सेवन शरीर में ज़हर की तरह काम कर सकता है. सेहत के लिए जो चीजें फायदेमंद मानी जाती हैं, वो अगर गलत तरीके से या ज्यादा मात्रा में ली जाएं, तो शरीर को भारी नुकसान पहुंचा सकती हैं. इसलिए सजग रहें, जांच-परख कर ही कोई सप्लीमेंट लें और हमेशा डॉक्टर से सलाह जरूर लें. यहां आपको बताते हैं उन सप्लीमेंट्स के बारे में -
1. हल्दी–ज़्यादा मात्रा में हो सकती है लिवर के लिए ज़हरीली
हल्दी को आमतौर पर सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है, लेकिन जब इसे सप्लीमेंट के रूप में ज्यादा मात्रा में लिया जाए, तो यह लिवर को नुकसान पहुंचा सकती है. रिपोर्ट के अनुसार, एक महिला ने एक फिटनेस इन्फ्लुएंसर की सलाह पर रोजाना 2250 मिलीग्राम हल्दी लेना शुरू किया, जिससे कुछ ही दिनों में उसकी हालत बिगड़ गई और उसे गंभीर लिवर डैमेज के कारण अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. डॉक्टरों ने बताया कि उसके लिवर एंजाइम सामान्य से 60 गुना ज्यादा हो गए थे. WHO के अनुसार, 150 पाउंड (लगभग 68 किलो) वजन वाले व्यक्ति के लिए 200 मिलीग्राम हल्दी प्रतिदिन सुरक्षित है, लेकिन कुछ सप्लीमेंट्स इससे 10 गुना ज्यादा डोज देते हैं. यह खून को पतला करने वाली दवाओं के साथ मिलकर स्ट्रोक या ब्लीडिंग का खतरा भी बढ़ा सकती है.
2. ग्रीन टी एक्सट्रैक्ट – वजन कम करने के चक्कर में लिवर खराब
ग्रीन टी को वजन घटाने और एंटीऑक्सीडेंट के लिए पसंद किया जाता है, लेकिन ग्रीन टी एक्सट्रैक्ट का ज्यादा सेवन खतरनाक हो सकता है. अगर इसमें मौजूद EGCG नामक तत्व 800 मिलीग्राम से ज्यादा लिया जाए तो लिवर डैमेज, हेपेटाइटिस और यहां तक कि लिवर ट्रांसप्लांट तक की जरूरत पड़ सकती है. इसके अलावा इसमें मौजूद कैफीन हार्टबीट और ब्लड प्रेशर बढ़ा सकता है.
3. कोलेस्ट्रॉल कम करने की दवाएं– लिवर को पहुंचा सकती हैं नुकसान
कोलेस्ट्रॉल घटाने के लिए ली जाने वाली हाई डोज नियासिन दवाएं भी लिवर के लिए हानिकारक हो सकती हैं. खासकर वो दवाएं जो धीरे-धीरे असर करती हैं, उनसे लिवर एंजाइम बढ़ सकते हैं और कुछ मामलों में लिवर फेल्योर तक हो सकता है. ये दवाएं ‘गुड कोलेस्ट्रॉल’ बढ़ाने में तो मदद करती हैं, लेकिन ज्यादा मात्रा में लेने से इंसुलिन रेजिस्टेंस और दिल की बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है.
4. योहिम्बाइन–दिल और नर्वस सिस्टम पर पड़ता है बुरा असर
योहिम्बाइन नाम का सप्लीमेंट योहिम्बे पेड़ की छाल से बनता है और इसे आमतौर पर वजन घटाने के लिए लिया जाता है. लेकिन यह दिल और नर्वस सिस्टम पर बुरा असर डाल सकता है. इसके ज्यादा सेवन से दिल की धड़कन तेज हो जाती है, चक्कर आ सकते हैं, दौरे पड़ सकते हैं और गंभीर हालत में जान का खतरा भी हो सकता है. खासकर हाई ब्लड प्रेशर या दिल की बीमारी वाले लोगों को इसे लेने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए.
5. लाल खमीरी चावल– कोलेस्ट्रॉल के साथ लिवर को भी कर सकता है खराब
लाल खमीरी चावल को कोलेस्ट्रॉल घटाने में असरदार माना जाता है, लेकिन इसमें मौजूद कुछ रासायनिक तत्व जैसे मोनाकोलिन्स और सिट्रिनिन लिवर और किडनी को नुकसान पहुंचा सकते हैं9 इससे मांसपेशियों में दर्द, लिवर एंजाइम्स का बढ़ना और लिवर फेल जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं.
सप्लीमेंट्स का सेवन करने से पहले जान लें ये बातें
अगर आप सप्लीमेंट्स का सेवन कर रही हैं या करने की सोच रही हैं तो डॉक्टर या विशेषज्ञ की सलाह के बिना कोई भी सप्लीमेंट न लें. हर शरीर की ज़रूरत अलग होती है और सोशल मीडिया या इंटरनेट पर दी गई सलाह सभी के लिए सुरक्षित नहीं होती. कभी कभी प्राकृतिक चीजें भी अगर ज्यादा मात्रा में ली जाएं, तो नुकसानदेह साबित हो सकती हैं.