नई दिल्ली में 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत आयोजित की जाएगी। यह आयोजन भारत के सर्वोच्च न्यायालय की पहल ‘समाधान समारोह-2026’ के तहत होगा। इसका उद्देश्य सुप्रीम कोर्ट में लंबे समय से लंबित उन मामलों का आपसी बातचीत और सहमति के जरिए समाधान कराना है, जिनमें समझौते की संभावना मौजूद है। यह विशेष लोक अदालत सुप्रीम कोर्ट परिसर में लगेगी।
अप्रैल से शुरू हुआ समाधान अभियान
‘समाधान समारोह-2026’ की शुरुआत 21 अप्रैल 2026 से हो चुकी है। इसके तहत पहले चरण में पक्षकारों के बीच सुलह की कोशिश की जा रही है। राज्य, जिला, तालुका और हाई कोर्ट स्तर की कानूनी सेवा प्राधिकरणों तथा मध्यस्थता केंद्रों में बातचीत कराई जा सकती है। पक्षकार चाहें तो इन बैठकों में व्यक्तिगत रूप से या वर्चुअल माध्यम से भी शामिल हो सकते हैं।
किन मामलों में हो सकता है समझौता
विशेष लोक अदालत में वही मामले रखे जाएंगे जो सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं और जिनका हल दोनों पक्षों की सहमति से निकल सकता है। बैंक रिकवरी, बीमा विवाद, संपत्ति विवाद, पारिवारिक मामले, सड़क दुर्घटना मुआवजा, उपभोक्ता शिकायत, चेक बाउंस, श्रम विवाद और अन्य समझौता योग्य मामलों को इसमें शामिल किया जा सकता है। हालांकि हर मामला लोक अदालत के लिए उपयुक्त नहीं होता और अंतिम फैसला मामले की प्रकृति व दोनों पक्षों की सहमति पर निर्भर करेगा।
ये भी पढ़ें : Crude Oil Prices: कच्चा तेल 70 डॉलर के नीचे, फिर भी Petrol-Diesel के दामों में राहत नहीं
लोगों को क्या मिलेगा फायदा
लोक अदालत का सबसे बड़ा फायदा जल्दी और कम खर्च में समाधान है। यहां दोनों पक्षों को बातचीत के जरिए विवाद खत्म करने का अवसर मिलता है। सामान्य तौर पर लोक अदालत में कोर्ट फीस नहीं लगती और पहले से जमा कोर्ट फीस नियमों के अनुसार वापस मिल सकती है। समझौते से निपटाए गए मामले में समय, पैसा और बार-बार अदालत आने की परेशानी भी बच सकती है।
दिल्ली में कहां से लें जानकारी
दिल्ली में इस अभियान से जुड़ी जानकारी के लिए दिल्ली राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण यानी डीएसएलएसए से संपर्क किया जा सकता है। सुप्रीम कोर्ट की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, विशेष लोक अदालत से संबंधित सहायता के लिए 011-23115652, 011-23116464 और 011-23116465 नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। ईमेल के लिए [email protected] उपलब्ध है।