सूरत का टेक्सटाइल मार्केट एक बार फिर भीषण आग की चपेट में आ गया, जिससे शहर में हड़कंप मच गया। परवत पाटिया स्थित राज टेक्सटाइल मार्केट में सुबह करीब सात बजे अचानक आग भड़क उठी। मार्केट में भारी मात्रा में कपड़ा मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। सौभाग्य से उस समय मार्केट में भीड़ कम थी, जिससे जनहानि टल गई। आग की लपटें इतनी तेजी से उठीं कि तीन घंटे बाद भी पूरी तरह नियंत्रण में नहीं लाई जा सकीं।
15 से ज्यादा फायर ब्रिगेड और 100+ फायरमैन जुटे
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तीन अलग-अलग स्टेशनों से गाड़ियां रवाना कीं। फायर अधिकारी बसंत पारिख के अनुसार सुबह 7.14 बजे कॉल मिली और मौके पर पहुंचते ही पाया गया कि तीसरी, पांचवीं और टॉप फ्लोर पर आग फैली हुई है। इलेक्ट्रिक डक्ट में आग लगने के कारण धुआं और ज्यादा बढ़ता गया। स्थिति गंभीर देखते हुए इसे ब्रिगेड कॉल घोषित किया गया और 20–22 गेटों से फायर टेंडर बुलाए गए। करीब 100 से 115 फायरमैन लगातार आग बुझाने में लगे रहे।
ये भी पढ़ें : Meesho के शेयर ने मार्केट में मचाई धूम, 111 का शेयर 162 पर पहुंचा, निवेशकों की हुई बल्ले-बल्ले
सिंथेटिक कपड़ा बना चुनौती, घंटों धुआं छाया
मार्केट में मौजूद सिंथेटिक कपड़ा आग को और भड़काता गया। इससे उठने वाले काले धुएं ने पूरे इलाके को घेर लिया, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन और कठिन हो गया। फायर टीम के मुताबिक सुबह होने के कारण मार्केट में लोग मौजूद नहीं थे, इसलिए जनहानि नहीं हुई। हालांकि, फ्लोर-बाय-फ्लोर फायर कंट्रोल करने में काफी समय लग रहा है। टॉप फ्लोर पर अभी भी आग को पूरी तरह बुझाने का काम जारी है और नुकसान का आकलन अभी बाकी है।
सूरत में आग की घटनाओं की बढ़ती चिंता
सूरत में आग की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। हाल ही में सचिन गभेणी रोड स्थित गुरुकृपा सोसायटी में सिलेंडर लीकेज से लगी आग में दो युवतियों की दर्दनाक मौत हो गई थी। अब टेक्सटाइल मार्केट की इस आग ने प्रशासन और लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि बाजारों में सुरक्षा मानकों की जल्द समीक्षा और सुधार की जरूरत है, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।