
एशिया कप 2025 में भारत ने पाकिस्तान को हराकर मैदान पर अपना दबदबा एक बार फिर साबित कर दिया. दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया ये महामुकाबला सिर्फ क्रिकेट का मैच नहीं था, बल्कि देश की इज्जत और जज़्बात का सवाल भी था. टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 7 विकेट से रौंदकर सुपर-4 में अपनी एंट्री पक्की कर ली लेकिन इस जीत को सबसे खास बना दिया कप्तान सूर्यकुमार यादव ने। जन्मदिन पर सूर्या ने न केवल टीम को जीत दिलाई, बल्कि अपने दिल छू लेने वाले बयान से करोड़ों हिंदुस्तानियों का कलेजा ठंडा कर दिया.
“ये जीत हमारे सुरक्षाबलों को समर्पित है”
मैच जीतने के बाद जब सूर्या माइक पर आए तो उनका बयान पूरे देश के दिलों में गूंज उठा. सूर्या ने कहा ये बिल्कुल सही मौका है, हम पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के परिवारों के साथ खड़े हैं. ये जीत मैं हमारे सुरक्षाबलों को समर्पित करता हूं, जिन्होंने बहादुरी से लड़ाई लड़ी और हम सभी को प्रेरित किया. हम चाहते हैं कि जब भी हमें उन्हें मुस्कुराने का मौका मिले, हम और ज्यादा वजह दें. ये सुनते ही न सिर्फ स्टेडियम तालियों से गूंज उठा बल्कि करोड़ों भारतीयों की आंखें भी नम हो गईं. हर हिंदुस्तानी का सीना गर्व से चौड़ा हो गया.
पाकिस्तान को दिखाया मैदान से बाहर भी सबक
ये मुकाबला पहले से ही भावनाओं से भरा हुआ था, क्योंकि 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमला और उसके बाद 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर ने पूरे देश को झकझोर दिया था. ऐसे हालात में भारत-पाकिस्तान का ये मैच सिर्फ खेल नहीं बल्कि बदले का मैदान था. सूर्या ने मैदान पर भी यही दिखाया. टॉस के वक्त उन्होंने पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया और जीत के बाद भी भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया. सीधा ड्रेसिंग रूम लौटकर टीम इंडिया ने ये साफ कर दिया कि अब पाकिस्तान को सिर्फ मैदान में ही नहीं, हर स्तर पर उसकी औकात दिखाई जाएगी.
बल्ले से भी दिया करारा जवाब
मैदान पर सूर्या का बल्ला भी गरजा. उन्होंने नाबाद 47 रन ठोककर भारत को शानदार जीत दिलाई और आखिरी में छक्का लगाकर मैच खत्म किया. उन्होंने कहा एक बॉक्स जिस पर मैं हमेशा टिक करना चाहता था, वो है अंत तक रुकना और टीम को जीत दिलाना. सूर्या ने अपने स्पिनर्स कुलदीप और अक्षर की तारीफ भी की, जिन्होंने बीच के ओवरों में पाकिस्तान को जकड़कर खेल पलट दिया. कुल मिलाकर, इस मुकाबले ने पाकिस्तान को करारा झटका दिया और सूर्या भाऊ के इस बयान ने हर हिंदुस्तानी के दिल में देशभक्ति की ऐसी लहर दौड़ा दी, जिसे सुनकर वाकई हर किसी का कलेजा ठंडा हो गया.