टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी अपने नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज कर ली। यह उनका बतौर कप्तान पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट था और उन्होंने पहली ही कोशिश में टीम को चैंपियन बना दिया। इसके साथ ही वह एमएस धोनी और रोहित शर्मा के बाद टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाले तीसरे भारतीय कप्तान बन गए। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया का प्रदर्शन लगातार शानदार रहा है।
दुनिया के सबसे सफल टी20 कप्तान बने सूर्या
इस जीत के बाद सूर्यकुमार यादव ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह अब टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा जीत प्रतिशत वाले कप्तान बन गए हैं। अब तक उन्होंने 52 मैचों में टीम इंडिया की कप्तानी की है। इन मुकाबलों में भारत को 42 मैचों में जीत मिली है जबकि सिर्फ 8 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं 2 मैच बिना नतीजे के रहे। इस तरह उनकी कप्तानी में भारत का जीत प्रतिशत 80.77 रहा है, जो इस फॉर्मेट में दुनिया के किसी भी कप्तान से ज्यादा है।
रोहित शर्मा का रिकॉर्ड भी टूटा
इस उपलब्धि के साथ सूर्यकुमार यादव ने रोहित शर्मा को भी पीछे छोड़ दिया है। इससे पहले रोहित शर्मा टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा जीत प्रतिशत वाले कप्तान थे। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने लगभग 80.65 प्रतिशत मैच जीते थे। रोहित ने 62 मैचों में कप्तानी की थी, जिनमें 50 मुकाबलों में भारत को जीत मिली थी। वहीं पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सरफराज अहमद इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं, जिनकी कप्तानी में उनकी टीम ने लगभग 78 प्रतिशत मैच जीते थे।
इसे भी पढ़ें : टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद Mohammed Siraj का भावुक बयान वायरल, बोले कभी पानी पिलाना और नेट्स में गेंदबाजी करना भी टीम को चैंपियन बनाता है
अब इस बड़े रिकॉर्ड पर भी नजर
सूर्यकुमार यादव के पास अब एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है। भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा जीत का रिकॉर्ड अभी रोहित शर्मा के नाम है। रोहित ने 50 मैच जीतकर यह उपलब्धि हासिल की थी। सूर्यकुमार यादव फिलहाल 42 जीत के साथ इस सूची में पीछे हैं। अगर वह आने वाले मुकाबलों में 9 मैच और जीत लेते हैं तो यह रिकॉर्ड भी उनके नाम हो सकता है। ऐसे में क्रिकेट प्रशंसकों की नजर अब इस नए लक्ष्य पर भी टिकी हुई है।