
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एशिया कप 2025 का खिताब जीतने के बाद बड़ा फैसला लिया है। दुबई में पाकिस्तान को फाइनल में मात देने के बाद उन्होंने घोषणा की कि वे टूर्नामेंट से मिली अपनी पूरी मैच फीस भारतीय सेना और पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ित परिवारों को दान करेंगे। इसको लेकर सूर्या ने सोशल मीडिया पर लिखा, “इस टूर्नामेंट की अपनी मैच फीस हमारे सशस्त्र बलों और पीड़ित परिवारों की मदद के लिए दान करने का फैसला किया है। आप हमेशा मेरी यादों में रहेंगे।”
28 लाख रुपये दान करेंगे सूर्या
मिली जानकारी के अनुसार हर भारतीय खिलाड़ी को एक T20 मैच खेलने के लिए लगभग 4 लाख रुपये मिलते हैं। सूर्या ने इस टूर्नामेंट में सभी सात मुकाबले खेले। यानी वह कुल 28 लाख रुपये सेना और शहीदों के परिवारों को दान करेंगे। सोशल मीडिया पर इस कदम की जमकर सराहना हो रही है।
भारत ने पाकिस्तान को दी जबरदस्त पटखनी
इस फाइनल मैच में भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हराकर दूसरी बार टी20 एशिया कप और कुल मिलाकर नौवां एशिया कप खिताब अपने नाम कर लिया है। यह टूर्नामेंट में पाकिस्तान पर भारत की लगातार तीसरी जीत थी। इस फाइनल मैच में तिलक वर्मा ने शानदार अर्धशतक लगाया, जबकि संजू सैमसन और शिवम दुबे ने भी अहम योगदान दिया। टीम इंडिया की इस जीत से करोड़ों भारतीयों में जश्न का माहौल देखने को मिला।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी किया ऐलान
वहीं मीडिया से मुखातिब होते हुए सूर्यकुमार यादव ने दोहराया कि वह अपने सभी सात मैचों की फीस दान कर देंगे। उन्होंने कहा कि यह फैसला उन्होंने पहले ही कर लिया था लेकिन अब सार्वजनिक रूप से बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि “थोड़ा लेट हो गया, आप लोगों ने पूछा नहीं लेकिन मैंने तय किया है कि अपनी सारी मैच फीस सेना को डोनेट करूंगा।”
इसे भी पढे़ं : Asia Cup जीत के बाद Suryakumar Yadav का बड़ा ऐलान, सेना और पहलगाम पीड़ितों के नाम किया समर्पण, दान करेंगे पूरी फीस
ACC प्रमुख और PCB चेयरमैन से ट्रॉफी लेने से किया इनकार
इस फाइनल के बाद एक बड़ा विवाद सामने आया है। जहां भारतीय खिलाड़ियों ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) प्रमुख और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) चेयरमैन मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से साफ इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि भारतीय टीम चाहती थी कि ट्रॉफी उन्हें एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड के वाइस चेयरमैन खालिद अल जरूनी दें लेकिन जब ऐसा नहीं हुआ, तो खिलाड़ियों ने मंच पर ट्रॉफी स्वीकार करने से मना कर दिया। इसके बाद ट्रॉफी को मंच से हटा दिया गया और खबर आई कि नकवी ट्रॉफी और मेडल अपने साथ होटल लेकर चले गए हैं।
विवादों में रहा पूरा टूर्नामेंट
ये टूर्नामेंट शुरुआत से ही विवादों में घिरा रहा है। वहीं इस दौरान पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन करीब एक घंटे तक टलता रहा और आखिरकार अचानक खत्म कर दिया गया। जिसके बाद कमेंटेटर साइमन डूल ने जानकारी देते हुए बताया कि एसीसी की ओर से सूचना दी गई है कि भारतीय टीम आज ट्रॉफी और अवॉर्ड्स नहीं लेगी। इससे पहले भी भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान टीम से हाथ मिलाने से इनकार किया था। इस पर पाकिस्तान ने आईसीसी से शिकायत की और खिलाड़ियों ने मैदान पर उकसाने वाले इशारे भी किए थे।