.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D3fca6912-8fc5-4ec0-a699-38913de08f02&w=3840&q=75)
Sushila Karki: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को मणिपुर के इंफाल पहुंचे, जहां उन्होंने 1200 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान पीएम मोदी ने नेपाल की नई अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नेपाल भारत का सबसे घनिष्ठ मित्र है और दोनों देशों के बीच साझा इतिहास, आस्था व सांस्कृतिक संबंध हैं। मोदी ने विश्वास जताया कि सुशीला कार्की के नेतृत्व में नेपाल शांति, स्थिरता और समृद्धि की राह पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि नई दिल्ली इस संक्रमण काल में नेपाली जनता के साथ मजबूती से खड़ी है।
पीएम मोदी ने युवाओं की सराहना
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में नेपाल के युवाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि हाल की अशांति के बाद जिस तरह से वहां के लड़के-लड़कियों ने सड़कों और शहरों की सफाई की है, वह बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर उन्होंने कई तस्वीरें देखीं, जिनमें युवा वर्ग पवित्रता की भावना से सड़कें साफ कर रहा है और रंग-रोगन कर रहा है। मोदी ने कहा कि यह सकारात्मक सोच नेपाल के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। उन्होंने इसे नए सवेरे की शुरुआत करार देते हुए नेपाली युवाओं के इस प्रयास की सराहना की।
यह भी देखेंःIndia vs Pakistan 2025: शनि-मंगल की चाल, एशिया कप में किसका पलड़ा भारी?
सुशीला कार्की ने रचा इतिहास
शुक्रवार रात नेपाल की राजनीति में नया इतिहास लिखा गया, जब पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की को अंतरिम सरकार का नेतृत्व सौंपा गया। वह नेपाल की पहली महिला अंतरिम प्रधानमंत्री बनी हैं। सोशल मीडिया प्रतिबंध से उपजे जनांदोलन और के.पी. शर्मा ओली के इस्तीफे के बाद राजनीतिक अस्थिरता खत्म करने के लिए यह फैसला लिया गया। राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल, सेना के शीर्ष अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधियों के बीच हुई चर्चा के बाद कार्की को अंतरिम सरकार का प्रमुख चुना गया। उनके कार्यभार संभालने के साथ ही नेपाल में एक नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत हो गई है।