Suspicious Death: बाहरी दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में एक फ्लैट के अंदर 27 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध हालात में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। 31 दिसंबर की शाम पुलिस को सूचना मिली कि एक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है और भीतर एक महिला फंदे से लटकी हुई है। मौके पर पहुंची मुखर्जी नगर थाना पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और शव को बरामद किया। मृतका की पहचान रिया चौधरी के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के मथुरा की रहने वाली थी। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिसके चलते मामला और भी रहस्यमय हो गया है।
तीन दिन से दोस्त के कमरे में रह रही थी रिया
पुलिस जांच में सामने आया है कि रिया चौधरी शादीशुदा थी और उसका चार साल का एक बेटा है। वह पिछले करीब तीन साल से अपने पति से अलग रह रही थी। बताया गया है कि वह पिछले तीन दिनों से मुखर्जी नगर स्थित एक फ्लैट में अपने पुरुष दोस्त के कमरे में ठहरी हुई थी। यह फ्लैट मथुरा के रहने वाले एक छात्र ने किराए पर लिया हुआ था, जो दिल्ली में रहकर एसएससी की तैयारी कर रहा है। दोनों की पहचान पहले से थी और उनकी दोस्ती सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। घटना के समय युवक दिल्ली में मौजूद नहीं था, क्योंकि वह अपनी दादी की गंभीर बीमारी के चलते मथुरा गया हुआ था।
यह भी देखेंःJaishankar stern Warning to Pakistan: आतंकवाद पर दो टूक संदेश, पाकिस्तान को जयशंकर की सख्त चेतावनी
दरवाजा अंदर से बंद, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी
पुलिस के मुताबिक युवक की दादी का 31 दिसंबर को निधन हो गया था। उसी दिन उसने रिया को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद उसने अपने एक दोस्त से कमरे पर जाकर देखने को कहा। जब दोस्त वहां पहुंचा तो कमरे का गेट अंदर से बंद था। ऊपर लगे शीशे से झांकने पर महिला फंदे से लटकी दिखाई दी, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर एफएसएल और क्राइम टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन भी कब्जे में ले लिया है और युवक से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।