बुलंदशहर। बुलंदशहर के जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के भैयापुर जटवाई गांव में एक चार वर्षीय बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बच्चे की मां ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों ने शव को बिना पुलिस कार्रवाई के जल्दबाजी में दफना दिया, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।
जानकारी के अनुसार, बच्चे की मौत दो दिन पहले हुई थी। उसके गले पर रस्सी या तार से गला घोंटे जाने जैसे निशान बताए जा रहे हैं। घटना के बाद परिजन शव को जिलेपुरा ले गए और उसे सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
बच्चे की मां ईरम ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर ही हत्या का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तत्काल कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
इस संबंध में अनूपशहर क्षेत्राधिकारी विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था। सूचना मिलने पर थाना पुलिस को जांच के लिए भेजा गया है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ईरम का निकाह भैयापुर जटवाई निवासी आदिल के साथ हुआ था। विवाद के बाद उन्होंने आदिल के छोटे भाई शाहिद से निकाह कर लिया। करीब दो वर्ष पहले ईरम शाहिद को भी छोड़कर अपने गांव के ही जगत सिंह के साथ लिव-इन में रह रही थीं।
फिलहाल, मासूम की संदिग्ध मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।