संदिग्ध परिस्थिति में घर में युवती की मौत हो गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच पड़ताल की। इसके बाद पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही युवती की मौत का कारण स्पष्ट होगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कमरे में फर्श पर शव पड़ा मिला
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के इत्तेफाक नगर निवासी 24 वर्षीय शब्बो उर्फ शबीना का मंगलवार को घर के कमरे में फर्श पर शव पड़ा मिला। छोटी बहन ने शब्बो को अचेत अवस्था में पड़ा देख कर शोर मचा दिया। आवाज सुनकर परिजन व आसपास के लोग एकत्र हो गए। परिजन आनन-फानन में शब्बो को इलाज के लिए डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज
घटना की सूचना मिलते ही लिसाड़ी गेट पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली। पूरे मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाया। घटनास्थल की पड़ताल और नमूने लेने के बाद फोरेंसिक टीम लौट गई और पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के मुताबिक शब्बो सुबह नमाज पढ़ रही थी। नमाज के दौरान वह गिर गई थी, फिर नहीं उठी।
24 वर्षीय युवती की मौत
पुलिस के अनुसार यह घटना सुबह साढ़े पांच बजे की बताई जा रही है, जबकि परिजनों ने पुलिस को सूचना 11 बजे दी है। पड़ोसियों ने बताया, शब्बो के पिता हाशिम का काफी समय पहले देहांत हो गया था। हाशिम के चार बेटी व तीन बेटे है। इनमें एक बेटे सोनू की भी कुछ समय पहले मौत हो गई। शब्बो दूसरे नंबर की बेटी थी। उधर, सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया, 24 वर्षीय युवती की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही पता चलेगा कि युवती की मौत कैसे हुई। रिपोर्ट आधार पर ही आगे कार्रवाई की जाएगी।