Hindu Family in Bangladesh: बांग्लादेश के रंगपुर शहर में एक हिंदू परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतकों में सेवानिवृत्त शिक्षक गणपति चक्रवर्ती, उनकी पत्नी प्रीतिलता, 23 वर्षीय बेटी आगामी और 12 वर्षीय बेटा प्रियम शामिल हैं। चारों के शव शनिवार रात दासपारा इलाके में स्थित उनके घर से बरामद किए गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत की वजह और घटना के पीछे के कारण का पता नहीं चल पाया है।
बंद घर से बरामद हुए परिवार के चारों शव
पुलिस के अनुसार, परिवार का घर अंदर से बंद था और शनिवार रात करीब 11:30 बजे पुलिस ने ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद घर के अलग-अलग हिस्सों से चारों के शव बरामद किए गए। रंगपुर मेट्रोपॉलिटन कोतवाली थाने के प्रभारी अधिकारी नजमुल कादर ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गुरुवार से परिवार से नहीं हो रहा था संपर्क
परिजनों के मुताबिक परिवार के सदस्यों से आखिरी बार गुरुवार को बातचीत हुई थी। इसके बाद सभी के मोबाइल फोन बंद हो गए। प्रीतिलता की बहन पूजा चक्रवर्ती ने बताया कि शनिवार रात फोन बंद मिलने के बाद परिवार के लोग दासपारा स्थित घर पहुंचे। मुख्य दरवाजा बंद था और घर की लाइटें भी बंद थीं। पुलिस के पहुंचने के बाद ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया गया, जहां परिवार के चारों सदस्य मृत मिले।
यह भी देखेंःWeather Update: दिल्ली-NCR और वेस्ट यूपी में मौसम ने ली करवट, सुबह झमाझम बारिश से बदला नजारा
सीढ़ियों, छत और बिस्तर के नीचे मिले शव
रंगपुर मेट्रोपॉलिटन CID के अधिकारी सुबीर चौधरी के मुताबिक, मृतकों के शव घर में अलग-अलग स्थानों पर मिले। मां और बेटी के शव सीढ़ियों से बरामद किए गए, जबकि गणपति चक्रवर्ती का शव छत पर मिला। वहीं 12 वर्षीय प्रियम का शव बिस्तर के नीचे मिला। पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा रही है और मौत की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, जांच जारी
परिवार के सदस्यों ने बताया कि गणपति चक्रवर्ती का किसी से विवाद या दुश्मनी होने की जानकारी उन्हें नहीं थी। वह पिछले साल रंगपुर जिला स्कूल से सेवानिवृत्त हुए थे और बाद में होम्योपैथिक चिकित्सक के तौर पर काम कर रहे थे। उनकी बेटी ने इसी वर्ष अंग्रेजी में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की थी, जबकि बेटा कक्षा पांच में पढ़ता था। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चारों की मौत कैसे हुई और क्या इसके पीछे किसी आपराधिक घटना की भूमिका है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।