हापुड़: डीएम साहब अस्पताल में पत्नी ने बेटे को जन्म दिया था, परंतु वहां पर बेटे को बदल कर बेटी दे दी गई है। यह पीड़ा लेकर एक परिवार सपा नेताओं के नेतृत्व में डीएम के दरबार में पहुंचा। बताया कि बेटे की खुशी में मिठाई भी बांट दी लेकिन बाद में बताया गया कि आपको बेटी हुई है।
थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के स्वर्ग आश्रम रोड स्थित एक अस्पताल में मंगलवार सुबह गर्भवती महिला के परिजन ने हंगामा कर दिया। आरोप है कि अस्पताल ने नवजात को बदल दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाकर मामला शांत कराया। पति ने डॉक्टर समेत स्टॉफ के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। रंतु कोई कार्रवाई न होने पर आज पीड़ित परिवार डीएम से मिला है।
डीएम को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि मोहल्ला शिवलोक कॉलोनी निवासी सोनू गर्ग की पत्नी चंचल को सोमवार को प्रसव पीड़ा होने पर स्वर्ग आश्रम रोड स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया था। रात को पत्नी ने पुत्र को जन्म दिया था, जिसके बारे में डॉक्टर और स्टॉफ ने जानकारी दी थी। पुत्र होने की सूचना पर रिश्तेदारों को भी जानकारी देकर खुशी जाहिर की। मंगलवार सुबह कमरें में शिफ्ट करने के बाद देखा तो पत्नी के पास नवजात पुत्री थी। आरोप है कि जब इसके बारे में डॉक्टर और स्टॉफ से जानकारी करना चाहा, तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। वहां के रजिस्टर में भी तथ्यों के साथ भी छेड़छाड़ की गई है। जिसकी शिकायत पुलिस से की गई परंतु कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
पत्र में जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है। सपा नेता संजय यादव के नेतृत्व में परिवार ने डीएम ऑफिस पहुंच कर शिकायत की है।