UP News: उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू के बढ़ते संक्रमण के बीच पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह भी इसकी चपेट में आ गए हैं। केजीएमयू के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में हुई जांच में उनके इन्फ्लुएंजा एच1एन1 संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। उन्हें सरकारी आवास में आइसोलेशन में रखा गया है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और उनमें हल्के लक्षण हैं।
परिवार के सदस्यों और निजी स्टाफ की संपर्क जांच कराई जा रही
बुधवार सुबह केजीएमयू की चिकित्सकीय टीम मंत्री के आवास पहुंची और स्वास्थ्य की जांच की। डॉक्टरों ने उन्हें घर पर ही उपचार कराने तथा निर्धारित चिकित्सा प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह दी है। केजीएमयू प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि परिवार के सदस्यों और निजी स्टाफ की संपर्क जांच कराई जा रही है। मंत्री पिछले कुछ दिनों से बुखार से पीड़ित थे। कुछ समय पहले फिरोजाबाद जाने के बाद लखनऊ लौटने पर उनकी मलेरिया की जांच कराई गई थी, जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके बाद एच1एन1 की जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई।
तीन लोगों की हो चुकी है मौत
प्रदेश में स्वाइन फ्लू से अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। फिरोजाबाद में 69 वर्षीय कारोबारी और बदायूं में एक बुजुर्ग महिला की जान गई है। फिरोजाबाद के कारोबारी करीब एक साल से किडनी की बीमारी से पीड़ित थे। रविवार को जयपुर से उपचार कर लौटने के बाद उनकी हालत बिगड़ गई। उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर लाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। इससे पहले लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल में भी एक संक्रमित की मौत हुई थी।