कंकरखेड़ा। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की शिव एंक्लेव कॉलोनी में मंगलवार देर शाम कूड़ा डालने को लेकर हुआ मामूली विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। पड़ोसी युवकों ने एक पिता-पुत्र पर तलवार से धावा बोल दिया। हमले में पिता का एक हाथ कट गया, जबकि बेटा भी गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।
शिव एंक्लेव निवासी गजराज ने आरोप लगाया कि पड़ोस में रहने वाले अनुज और नीरज अक्सर उनके घर के बाहर कूड़ा फेंकते थे। इसका कई बार विरोध किया गया, लेकिन बात नहीं मानी गई। मंगलवार देर शाम जब गजराज ने फिर से कूड़ा डालने से मना किया तो दोनों आरोपितों ने आपा खो दिया और तलवार लेकर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े, तब जाकर हमलावर फरार हुए। लहुलुहान हालत में गजराज और उनके बेटे को स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने गजराज की हालत को गंभीर बताते हुए उनका एक हाथ कटने की पुष्टि की। बेटे को भी प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती कर लिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर रात में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की तलाश तेज कर दी गई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले की गंभीरता से जांच चल रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।