Syria Damascus Serial Blast: सीरिया की राजधानी दमिश्क मंगलवार को सिलसिलेवार धमाकों से दहल उठी। ये विस्फोट उस समय हुए जब फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों आधिकारिक दौरे पर सीरिया में मौजूद थे और राष्ट्रपति अहमद अल-शरा से मुलाकात के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे। धमाकों के बाद शहर के कई इलाकों में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस घटना में 18 लोग घायल हुए हैं, जिनमें चार पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। हालांकि, फ्रांस के राष्ट्रपति पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनके कार्यक्रम में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया।
होटल के बाहर भी गिरा विस्फोटक
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, धमाकों में से एक विस्फोट उस होटल के बाहर हुआ, जहां फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ठहरे हुए थे। सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल पूरे इलाके को घेर लिया और राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी। फ्रांसीसी राष्ट्रपति कार्यालय ने बताया कि मैक्रों को किसी प्रकार की चोट नहीं आई और उन्होंने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा से मुलाकात भी की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति पूरी तरह सुरक्षित हैं।
व्यस्त इलाके में दो बड़े धमाके
बताया जा रहा है कि दोनों धमाके दमिश्क के नेशनल म्यूजियम और पर्यटन मंत्रालय के पास हुए, जिन्हें राजधानी के सबसे व्यस्त इलाकों में गिना जाता है। पहला विस्फोट राष्ट्रपति भवन की ओर मैक्रों के काफिले के रवाना होने के कुछ ही समय बाद हुआ। धमाके के बाद घटनास्थल से आग की लपटें और धुएं का घना गुबार उठता दिखाई दिया। कुछ ही मिनटों बाद पास में खड़ी एक एंबुलेंस के निकट दूसरा धमाका हुआ, जहां उस समय कई लोग मौजूद थे। इससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
ययह भी देखेंःMajor Accident Averted: कीचड़ में फंसी स्कूल बस, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा; वीडियो आया सामने
18 लोग घायल, सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं
धमाकों में घायल हुए लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में चार पुलिसकर्मी भी शामिल बताए गए हैं। सुरक्षा बलों ने घटनास्थल को सील कर दिया है और विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी संगठन ने इन धमाकों की जिम्मेदारी नहीं ली है। जांच एजेंसियां सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी हैं।
क्षेत्रीय सुरक्षा पर बढ़ी चिंता
मैक्रों के दौरे के दौरान हुए इन धमाकों ने सीरिया की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। लंबे समय से संघर्ष और अस्थिरता झेल रहे देश में इस तरह की घटनाएं सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि विदेशी नेताओं की मौजूदगी के दौरान इस तरह के हमले क्षेत्रीय सुरक्षा के लिहाज से गंभीर संकेत हैं। फिलहाल प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की है, जबकि सुरक्षा बल पूरे मामले की गहन जांच कर रहे हैं।