टी20 वर्ल्ड कप 2026 का काउंटडाउन अब अंतिम दौर में है। 7 फरवरी से शुरू हो रहे इस टूर्नामेंट में 20 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 55 मुकाबले खेले जाएंगे। सभी टीमों ने अपनी 15 सदस्यीय स्क्वॉड घोषित कर दी है। इस बार खास बात यह है कि कई खिलाड़ी ऐसे हैं, जो पहली बार टी20 वर्ल्ड कप खेलेंगे। ये नए चेहरे सिर्फ टीम का हिस्सा भर नहीं हैं, बल्कि अपने दम पर मैच का रुख बदलने की ताकत रखते हैं। ऐसे खिलाड़ियों पर ही इस वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा नजर रहने वाली है।
अभिषेक शर्मा से भारत को बड़ी उम्मीद
टीम इंडिया के युवा ओपनर अभिषेक शर्मा इस समय जबरदस्त फॉर्म में हैं। उन्होंने पिछले वर्ल्ड कप के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा और बहुत जल्दी खुद को साबित किया। अब तक 38 मुकाबलों में 1297 रन बना चुके अभिषेक की सबसे बड़ी ताकत उनकी आक्रामक बल्लेबाजी है। पावरप्ले में तेज रन बनाकर वह सामने वाली टीम पर दबाव बना देते हैं। अगर उनका बल्ला चला, तो विरोधी गेंदबाजों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
डेवाल्ड ब्रेविस बना सकते हैं साउथ अफ्रीका को खतरनाक
साउथ अफ्रीका के युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस को भविष्य का बड़ा सितारा माना जा रहा है। उनकी बल्लेबाजी में ताकत और तेजी दोनों है। कुछ ही ओवरों में वह मैच की दिशा बदल सकते हैं। अलग-अलग लीग में खेलने का अनुभव उन्हें बड़े मंच पर निडर बनाता है। अगर ब्रेविस का दिन रहा, तो मजबूत से मजबूत गेंदबाजी भी बिखर सकती है, जिससे विरोधी टीम को बड़ा नुकसान होगा।
जैकब डफी की गेंदों से फंसेगा न्यूजीलैंड का जाल
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी हाल के समय में लगातार प्रभावित कर रहे हैं। नई गेंद से स्विंग और आखिरी ओवरों में सटीक यॉर्कर उनकी पहचान है। उनकी गेंदबाजी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं देती। बड़े टूर्नामेंट में ऐसे गेंदबाज मैच का पासा पलट देते हैं। अगर डफी ने शुरुआत में विकेट निकाल लिए, तो सामने वाली टीम की बल्लेबाजी पूरी तरह चरमरा सकती है।
इसे भी पढ़ें : Hockey World Cup खेल चुका खिलाड़ी अब क्रिकेट में कप्तान, T20 World Cup 2026 में Italy का खेल बिगाड़ सकता है सबका गणित
जैकब बेथेल से इंग्लैंड को मिलेगा संतुलन
इंग्लैंड के ऑलराउंडर जैकब बेथेल बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में उपयोगी हैं। मिडिल ऑर्डर में तेजी से रन बनाना उनकी खासियत है। जरूरत पड़ने पर वह गेंद से भी योगदान दे सकते हैं। उनकी मौजूदगी से इंग्लैंड की टीम को संतुलन मिलता है। अगर बेथेल ने दोनों विभागों में योगदान दिया, तो विपक्षी टीम को दोहरी मार झेलनी पड़ सकती है।
अबरार अहमद की फिरकी से पाकिस्तान को फायदा
पाकिस्तान के स्पिन गेंदबाज अबरार अहमद अपनी रहस्यमयी गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। श्रीलंका जैसी पिचों पर उनकी स्पिन बल्लेबाजों के लिए बड़ी परेशानी बन सकती है। कसी हुई लाइन और अलग-अलग वैरिएशन से वह रन रोकने के साथ विकेट भी निकालते हैं। अगर अबरार ने बीच के ओवरों में खेल पर पकड़ बना ली, तो सामने वाली टीम की रनगति टूट जाएगी और मैच हाथ से निकल सकता है।