टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर बांग्लादेश की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पहले उसकी क्रिकेट टीम को टूर्नामेंट से बाहर किया गया और अब खबर है कि बांग्लादेश के खेल पत्रकारों पर भी रोक लगा दी गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक आईसीसी ने बांग्लादेशी स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट को टूर्नामेंट कवरेज के लिए एक्रीडेटेशन देने से इनकार कर दिया है। यह रोक सिर्फ भारत में होने वाले मुकाबलों तक सीमित नहीं है बल्कि श्रीलंका में खेले जाने वाले मैच भी बांग्लादेश के पत्रकार कवर नहीं कर पाएंगे।
पत्रकारों को क्यों नहीं मिला एक्रीडेटेशन
इस पूरे मामले पर अभी तक आईसीसी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि सुरक्षा और नियमों से जुड़े कारणों के चलते बांग्लादेश के पत्रकारों को मान्यता नहीं दी गई है। इसका मतलब यह हुआ कि बांग्लादेश के मीडिया प्रतिनिधि टी20 वर्ल्ड कप के किसी भी मैच को मैदान से कवर नहीं कर सकेंगे। यह फैसला बांग्लादेश के खेल जगत के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
टीम पहले ही हो चुकी है बाहर
गौर करने वाली बात यह है कि बांग्लादेश की टीम पहले ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर की जा चुकी है। बांग्लादेश भारत में अपने मैच खेलने से इनकार पर अड़ा रहा था। टूर्नामेंट के नियमों के मुताबिक सभी टीमों को तय वेन्यू पर खेलना जरूरी होता है। इसी नियम के उल्लंघन के चलते आईसीसी ने सख्त कदम उठाते हुए बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था।
स्कॉटलैंड को मिला मौका
बांग्लादेश की जगह अब स्कॉटलैंड की टीम को टी20 वर्ल्ड कप में शामिल किया गया है। स्कॉटलैंड को ग्रुप सी में रखा गया है और वह उन्हीं तारीखों पर मैच खेलेगी जो पहले बांग्लादेश के लिए तय थीं। स्कॉटलैंड अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ करेगा। इसके बाद 9 फरवरी को उसका मुकाबला इटली से होगा।
इसे भी पढे़ें : T20 World Cup 2026 से पहले नया बवाल, भारत मैच के बॉयकॉट पर अड़ा Pakistan, बाहर हुआ तो Bangladesh की एंट्री तय !
स्कॉटलैंड का पूरा शेड्यूल
स्कॉटलैंड 14 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ मैदान में उतरेगा। इसके बाद उसका आखिरी ग्रुप मैच नेपाल के खिलाफ खेला जाएगा। यह स्कॉटलैंड का 7वां टी20 वर्ल्ड कप होगा। टीम इस मौके को अपने लिए ऐतिहासिक बनाने की कोशिश में जुटी है। बांग्लादेश के बाहर होने से स्कॉटलैंड को सीधे तौर पर बड़ा फायदा मिला है।
बांग्लादेश में बढ़ी नाराजगी
टीम के बाहर होने और अब पत्रकारों पर लगी रोक से बांग्लादेश में नाराजगी बढ़ती जा रही है। क्रिकेट जानकारों का मानना है कि आईसीसी के नियमों से टकराव का खामियाजा बांग्लादेश को लगातार भुगतना पड़ रहा है। अब सवाल यही है कि क्या आने वाले समय में बांग्लादेश और आईसीसी के रिश्तों में सुधार होगा या यह विवाद और गहराता जाएगा। फिलहाल टी20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ी यह कहानी यहीं खत्म होती नहीं दिख रही।