T20 World Cup 2028 Venues : टी20 वर्ल्ड कप 2028 को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, टूर्नामेंट का फाइनल दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट मैदान मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में खेला जा सकता है। वहीं, भारतीय टीम अगर सेमीफाइनल में पहुंचती है तो उसका मुकाबला पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में कराया जा सकता है। हालांकि, इन वेन्यू को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। 2028 के इस टूर्नामेंट की संयुक्त मेजबानी ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड करेंगे।
भारत का सेमीफाइनल पर्थ में कराने की तैयारी
9 न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय टीम अगर अंतिम चार में जगह बनाती है तो उसका सेमीफाइनल पर्थ में हो सकता है। इसके पीछे वहां का समय एक बड़ी वजह माना जा रहा है। पर्थ का टाइम जोन ऑस्ट्रेलिया के दूसरे बड़े शहरों की तुलना में भारत के लिए ज्यादा अनुकूल है। इससे भारतीय दर्शकों को मैच देखने में आसानी होगी। साथ ही टीवी प्रसारण करने वाली कंपनियों को भी फायदा मिल सकता है। हालांकि, पर्थ की तेज और उछाल वाली पिच भारतीय बल्लेबाजों के लिए चुनौती बन सकती है।
न्यूजीलैंड में होगा दूसरा सेमीफाइनल
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला न्यूजीलैंड में खेला जा सकता है। इस तरह दोनों मेजबान देशों को नॉकआउट चरण के बड़े मुकाबलों की मेजबानी मिल सकती है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि न्यूजीलैंड के किस मैदान पर दूसरा सेमीफाइनल आयोजित होगा। टूर्नामेंट के सभी प्रमुख मुकाबलों के वेन्यू की आधिकारिक सूची का इंतजार किया जा रहा है।
एडिलेड को नहीं मिलेगा सेमीफाइनल और फाइनल
रिपोर्ट के मुताबिक, एडिलेड ओवल को इस बार फाइनल या सेमीफाइनल जैसे बड़े मुकाबलों की मेजबानी मिलने की संभावना नहीं है। इससे पहले फाइनल के लिए मेलबर्न और एडिलेड के बीच मुकाबला माना जा रहा था। एडिलेड ओवल ने 2022 टी20 वर्ल्ड कप में भारत और इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल मैच की मेजबानी की थी। इस बार नॉकआउट मुकाबलों के लिए उसका नाम पीछे बताया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : India vs Pakistan: हांगकांग सिक्सेस में छोटी सी जीत पर शहबाज शरीफ ने मनाया जश्न, सोशल मीडिया पर जमकर बने मजाक
2022 में भी मेलबर्न में हुआ था फाइनल
मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड दुनिया के सबसे बड़े और मशहूर क्रिकेट मैदानों में शामिल है। इसकी दर्शक क्षमता करीब एक लाख है। इससे पहले 2022 टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल भी इसी मैदान पर खेला गया था। उस मुकाबले में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था। अब 2028 में एक बार फिर एमसीजी को फाइनल की मेजबानी मिलने की संभावना जताई जा रही है।
20 टीमें खेलेंगी, 55 मुकाबलों का होगा आयोजन
टी20 वर्ल्ड कप 2028 का आयोजन अक्टूबर-नवंबर में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होना है। इसमें 20 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 55 मुकाबले खेले जाएंगे। रिपोर्ट के अनुसार, टूर्नामेंट में पांच ग्रुप होंगे और हर ग्रुप में चार टीमें रहेंगी। इसके बाद सुपर-10 चरण और नॉकआउट मुकाबले खेले जाएंगे। टूर्नामेंट के लिए 8 से 10 मैदान चुने जाने हैं। इनकी अंतिम सूची और मैचों का कार्यक्रम अभी जारी होना बाकी है।