ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम इंडिया का स्क्वॉड सामने आ चुका है और इसके साथ ही चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत अपने खिताब को बचाने मैदान में उतरेगा। टीम का ऐलान एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया गया, जहां कप्तान सूर्या के साथ चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर और बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया मौजूद रहे। जैसे ही टीम लिस्ट सामने आई, सबसे ज्यादा ध्यान शुभमन गिल के नाम पर गया, क्योंकि हाल तक टी20 टीम के उपकप्तान रहे गिल इस बार स्क्वॉड में नजर नहीं आए।
गिल बाहर, यही बनी सबसे बड़ी वजह
शुभमन गिल को बाहर किए जाने पर चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने साफ तौर पर वजह बताई। उन्होंने कहा कि यह फैसला किसी व्यक्तिगत कारण से नहीं, बल्कि हालिया फॉर्म और टीम कॉम्बिनेशन को ध्यान में रखकर लिया गया है। अगरकर के मुताबिक, जब 15 खिलाड़ियों की टीम चुनी जाती है तो किसी न किसी को बाहर रहना पड़ता है और इस बार दुर्भाग्य से वह शुभमन गिल रहे। उन्होंने माना कि गिल क्वालिटी खिलाड़ी हैं, लेकिन इस वक्त उनके बल्ले से अपेक्षित रन नहीं निकल रहे थे, जिससे चयनकर्ताओं को यह कड़ा फैसला लेना पड़ा।
फॉर्म और चोट ने बढ़ाई मुश्किल
अगर शुभमन गिल के हालिया प्रदर्शन पर नजर डालें तो तस्वीर साफ होती है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में गिल पूरी तरह फ्लॉप रहे। उन्होंने इस सीरीज में सिर्फ 4, 4, 0 और 28 रन की पारियां खेलीं। साल 2025 में भी टी20 इंटरनेशनल में उनके नाम कोई बड़ी पारी दर्ज नहीं हो सकी और एक भी अर्धशतक नहीं आया। इसके अलावा चोट की वजह से वह आखिरी मैच भी नहीं खेल पाए थे। इन सभी बातों ने मिलकर चयनकर्ताओं के लिए फैसला और मुश्किल बना दिया।
इसे भी पढ़ें : 'आईनाWar' से कांपी UP की सियासत, कफ सिरप कांड में बढ़ा टकराव, जानिए इस बार क्या हो गया ?
जितेश बाहर, ईशान को मौका क्यों
टीम चयन में दूसरा बड़ा फैसला विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा को लेकर रहा। जितेश भी इस बार स्क्वॉड में जगह नहीं बना सके। अजीत अगरकर ने बताया कि टीम मैनेजमेंट टॉप ऑर्डर में एक अतिरिक्त विकेटकीपर बल्लेबाज रखना चाहता था। जितेश आमतौर पर लोअर ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हैं, जबकि टॉप ऑर्डर के विकल्प के तौर पर ईशान किशन को ज्यादा फिट माना गया। अगरकर ने साफ किया कि जितेश ने कोई बड़ी गलती नहीं की, लेकिन टीम कॉम्बिनेशन के चलते उन्हें बाहर बैठना पड़ा। यही कारण है कि इस बार ईशान किशन को मौका दिया गया है।