टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले टीम इंडिया के लिए अच्छी और चिंता वाली दोनों खबरें सामने हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने लगातार दो मैचों में अर्धशतक लगाकर साफ कर दिया है कि वह फॉर्म में लौट चुके हैं। लेकिन इसी बीच टीम इंडिया की ओपनिंग को लेकर परेशानी फिर से खड़ी हो गई है। इसकी सबसे बड़ी वजह संजू सैमसन का खराब प्रदर्शन है, जो लगातार मौके मिलने के बाद भी रन नहीं बना पा रहे हैं।
संजू को मिला भरोसा, पर रन नहीं आए
न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही टी20 सीरीज में संजू सैमसन को ओपनिंग का मौका मिला, लेकिन तीन पारियों में वह सिर्फ 16 रन ही बना सके। चयनकर्ताओं ने शुभमन गिल की जगह संजू को टीम में इसलिए चुना था ताकि ओपनिंग और विकेटकीपिंग दोनों का संतुलन बना रहे। चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने भी साफ किया था कि यह फैसला फॉर्म नहीं बल्कि टीम कॉम्बिनेशन को देखकर लिया गया है।
ओपनिंग मिली, लेकिन दबाव बढ़ा
दरअसल संजू सैमसन पहले ओपनर ही थे, लेकिन शुभमन गिल की वापसी के बाद उन्हें मिडिल ऑर्डर में भेज दिया गया। वहां उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा। जब वर्ल्ड कप की चर्चा शुरू हुई और शुभमन गिल रन नहीं बना पा रहे थे, तो संजू को दोबारा ओपनिंग दी गई। साथ ही ईशान किशन को रिजर्व विकेटकीपर और बैकअप ओपनर के तौर पर टीम में रखा गया।
आंकड़े जो सवाल खड़े करते हैं
भले ही भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में 3-0 की बढ़त बना ली हो, लेकिन इन जीतों में संजू की भूमिका लगभग नजर नहीं आई। जनवरी 2025 से अब तक संजू ने ओपनर के तौर पर 9 टी20 मुकाबले खेले हैं, जिसमें वह सिर्फ एक बार पावरप्ले पार कर पाए। इस दौरान उनका औसत करीब 11 रहा है। ऐसे आंकड़े वर्ल्ड कप से पहले चिंता बढ़ा रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : World Cup से बाहर हुआ Bangladesh, ICC के फैसले पर लगी मुहर, BCB ने मानी हार, अब Scotland की एंट्री से मचा बवाल !
तकनीक पर सवाल, रहाणे की राय
पूर्व कप्तान अजिंक्य रहाणे ने संजू की तकनीक पर बात करते हुए कहा कि वह गेंद पर आगे झुकने की बजाय पीछे जाकर खेल रहे हैं। इससे टाइमिंग बिगड़ रही है और कैच आउट हो रहे हैं। रहाणे का मानना है कि टी20 में ज्यादा तकनीक नहीं, सही टाइमिंग जरूरी होती है, जो फिलहाल संजू के खेल में नहीं दिख रही।
ईशान किशन ने बढ़ाई टक्कर
संजू की मुश्किल इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि ईशान किशन ने मौका मिलते ही खुद को साबित किया है। उन्होंने पावरप्ले में तेजी से रन बनाए और अभिषेक शर्मा के साथ अच्छी शुरुआत दी। अब तिलक वर्मा भी फिट होकर वापसी कर रहे हैं। ऐसे में सवाल साफ है कि अगला मैच खेलने से कौन बाहर बैठेगा। फिलहाल संजू को अभी मौका मिलेगा, लेकिन अगर अगले मैचों में भी हालात नहीं बदले, तो वर्ल्ड कप से पहले बड़ा फैसला लेना पड़ सकता है।