टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब असली मुकाबलों की शुरुआत होने जा रही है। सुपर-8 के लिए 8 टीमों के नाम फाइनल हो चुके हैं। इस राउंड में दो ग्रुप बनाए गए हैं। पहले ग्रुप में भारत, जिम्बाब्वे, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज हैं। दूसरे ग्रुप में पाकिस्तान, इंग्लैंड, श्रीलंका और न्यूजीलैंड की टीमें शामिल हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि कौन सी चार टीमें सेमीफाइनल तक पहुंचेंगी।
सुपर-8 में क्या है नियम?
सुपर-8 राउंड में हर टीम को अपने ग्रुप की बाकी तीन टीमों से एक-एक मुकाबला खेलना होगा। यानी अगर भारत ग्रुप-1 में है तो वह जिम्बाब्वे, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज से एक-एक मैच खेलेगा। इसी तरह ग्रुप-2 में पाकिस्तान को इंग्लैंड, श्रीलंका और न्यूजीलैंड से भिड़ना होगा। सभी टीमें अपने ग्रुप में तीन मैच खेलेंगी।
कैसे मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट?
तीनों मैचों के बाद हर ग्रुप की अंक तालिका तैयार होगी। जिस ग्रुप की टॉप दो टीमें ज्यादा अंक और बेहतर नेट रन रेट के साथ आगे रहेंगी, वही सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। मतलब कुल चार टीमें अगले दौर में जाएंगी। यहां हर मैच बेहद अहम होगा, क्योंकि एक हार भी समीकरण बिगाड़ सकती है।
भारत का सुपर-8 शेड्यूल
भारत सुपर-8 में अपना पहला मैच 22 फरवरी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद 26 फरवरी को जिम्बाब्वे से मुकाबला होगा। खास बात यह है कि भारत और जिम्बाब्वे 24 साल बाद भारतीय जमीन पर आमने-सामने होंगे। आखिरी बार दोनों टीमें मार्च 2002 में भारत में भिड़ी थीं। भारत का तीसरा मुकाबला 1 मार्च को वेस्टइंडीज से होगा।
इसे भी पढ़ें : Super-8 की जंग तय, कौन बना ग्रुप का असली बादशाह, पढ़ें एक क्लिक में
पाकिस्तान के मुकाबले कब?
पाकिस्तान सुपर-8 में 21 फरवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगा। इसके बाद 24 फरवरी को इंग्लैंड से टक्कर होगी। तीसरा मैच 28 फरवरी को श्रीलंका के खिलाफ खेला जाएगा। ये दोनों मुकाबले कैंडी में होंगे, जबकि पहला मैच कोलंबो में होगा। पाकिस्तान के लिए हर मैच करो या मरो जैसा रहेगा।
अब हर मैच बनेगा निर्णायक
सुपर-8 का दौर काफी कड़ा रहने वाला है। भारत और साउथ अफ्रीका जैसी मजबूत टीमों को भी हल्के में नहीं लिया जा सकता। वहीं पाकिस्तान, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड भी बड़ी चुनौती पेश करेंगे। अब छोटी सी चूक भी टीम को बाहर कर सकती है। फैंस के लिए रोमांच अपने चरम पर पहुंचने वाला है, क्योंकि अब से हर मुकाबला सीधे सेमीफाइनल की राह तय करेगा।