पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ताबिल की हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। फरार प्रेमी और उसके दोस्त की तलाश में पुलिस की टीम संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द प्रेमी और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले आरोपी पत्नी सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर हत्या का कबूलनामा कर चुकी थी।
दोनों के तीन साल की एक बेटी है
यह था मामला लोहिया नगर जाकिर कॉलोनी फतेहउल्लापुर रोड निवासी अकरम अली ने बताया, उसका चचेरा भाई तालिब निवासी रसूलपुर दभेड़ी जिला मुजफ्फरनगर राजमिस्त्री का काम करते थे। उसकी शादी चार साल पहले अंजुम पैलेस निवासी इलमा से हुई थी। दोनों के तीन साल की एक बेटी है।
हार्ट अटैक से मौत का कारण बताया
शादी के बाद तालिब जाकिर कालोनी में ही रह रहे थे। 28 सितंबर की रात को पड़ोसी इनाम ने उनके घर आकर सूचना दी थी कि तालिब की मौत हो गई है। जानकारी मिलने पर वह तालिब के घर पहुंचे तो देखा कि इलमा ने तालिब के शव को पूरी तरह से ढक रखा था। इलमा से मौत का कारण पूछा तो उसने हार्ट अटैक से मौत का कारण बताया। अगले दिन सुबह तालिब के शव को रसूलपुर दभेड़ी गांव में ले जाकर सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया था। इस दौरान तालिब के गले में निशान मिलने से कुछ संदेह हुआ थ।
ऐसे खुला राज
अकरम के मुताबिक उसके पड़ोसी इनाम ने बताया था कि इलमा को फतेहउल्लापुर रोड (60 फुटा) स्थित सिग्नेचर स्टाइल ब्यूटी स्टूडियो के मालिक अमन के साथ कई बार आपत्तिजनक स्थिति में पार्क व अन्य जगहों पर घूमते देखा था। इसकी जानकारी उसने तालिब को दी थी। तभी से पति-पत्नी में विवाद चल रहा था। परिजनों तालिब के शव को क्रब से निकालकर पोस्टमार्टम कराने की मांग पुलिस प्रशासन से की थी। पुलिस ने इलमा के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली तो अमन व इलमा के संबंधों की पुष्टि हो गई थी। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया, डीएम के आदेश पर तालिब के शव का कब्र निकाल कर पोस्टमार्टम कराया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तालिब की हत्या की पुष्टि होने के बाद इलमा को गिरफ्तार किया गया और शुक्रवार को कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया। उन्होंने बताया, फरार प्रेमी अमन और उसके साथी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। जल्द दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।