Tanmay Baloda 14 Wickets : भारत अंडर-19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 को दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट में 10 विकेट से हराकर सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। इस जीत के सबसे बड़े हीरो रहे युवा स्पिनर तन्मय बलोदा, जिन्होंने दोनों पारियों में मिलाकर 14 विकेट झटककर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उनके प्रदर्शन ने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
पहली पारी में 6, दूसरी में 8 विकेट
अहमदाबाद में खेले गए मुकाबले में तन्मय बलोदा ने पहली पारी में 32 रन देकर 6 विकेट लिए। इसके बाद दूसरी पारी में 41 रन देकर 8 विकेट चटकाए। यानी मैच में कुल 14 विकेट उनके नाम रहे। गेंदबाजी के अलावा उन्होंने बल्लेबाजी में भी 37 गेंदों पर 28 रन बनाकर योगदान दिया।
मैच में भारत की एकतरफा जीत
ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 174 रन बनाए, जिसके जवाब में भारत ने 315 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलियाई टीम सिर्फ 151 रन पर सिमट गई। भारत को जीत के लिए महज 11 रन का लक्ष्य मिला, जिसे टीम ने बिना विकेट गंवाए हासिल कर लिया।
कौन हैं तन्मय बलोदा?
तन्मय बलोदा हरियाणा के युवा क्रिकेटर हैं। वह बाएं हाथ के स्पिनर हैं और निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी भी कर लेते हैं। खास बात यह है कि गेंदबाजी बाएं हाथ से करते हैं, जबकि बल्लेबाजी दाएं हाथ से करते हैं। उन्हें भारतीय अंडर-19 टीम का उभरता हुआ ऑलराउंडर माना जा रहा है।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भी शानदार शुरुआत
तन्मय ने इसी साल जनवरी में हरियाणा के लिए फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था। उन्होंने अपने पहले ही मैच में असम के खिलाफ 5 विकेट लिए। इसके बाद बंगाल के खिलाफ मुकाबले में भी 5 विकेट झटककर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। सिर्फ दो प्रथम श्रेणी मैचों में उनके नाम 10 विकेट दर्ज हैं।
इसे भी पढ़ें : 3 साल 11 महीने बाद लौटा 'स्विंग का सुल्तान', भुवनेश्वर की वापसी से फिर जगी उम्मीद, क्या टीम इंडिया को मिल गया पुराना मैच विनर?
रोहित यादव की जगह मिला मौका, कर दिया कमाल
तन्मय बलोदा को भारतीय अंडर-19 टीम में रोहित यादव की जगह शामिल किया गया था। रोहित यादव पर उम्र से जुड़ी कथित गड़बड़ी के आरोपों के बाद उन्हें टीम से बाहर किया गया। चयनकर्ताओं ने तन्मय पर भरोसा जताया और इस युवा स्पिनर ने मौके को दोनों हाथों से लपक लिया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 14 विकेट लेकर उन्होंने साफ कर दिया कि भारतीय क्रिकेट को एक और प्रतिभाशाली स्पिनर मिल गया है।