मुजफ्फरनगर: महिला से तंत्र क्रिया का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोपी तांत्रिक को पुलिस ने हरिद्वार की ओर भागते समय मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। घायल अवस्था में गिरफ्तार किए गए तांत्रिक ने हरियाणा की महिला को तंत्र क्रिया के बहाने फंसाया था और दुष्कर्म कर उससे ठगी कर फरार हो गया था। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा और बाइक बरामद की है।
श्मशान घाट में बैठकर तंत्र क्रिया करता है
शहर के नई मंडी थाने हरियाणा राज्य के कैथल निवासी महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि एक तांत्रिक में महिला ने बताया कि आरोपित शहजाद श्मशान घाट में बैठकर तंत्र क्रिया करता है। तंत्र क्रिया के दौरान महिलाओं को भूत-प्रेत का साया बताकर डराता है। उसके बाद तंत्र क्रिया से इस भूत प्रेत के साये दूर करने सब कुछ ठीक करने के नाम पर ठगी और अनैतिक कार्य करता है। आरोपित ने महिला के साथ तंत्र क्रिया का बहाना बनाकर दुष्कर्म किया।
हरिद्वार की ओर भागने की फिराक में है
शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में लगी थी। सोमवार को पुलिस ट्रांसपोर्टनगर चौकी क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। तभी पता चला कि आरोपित तांत्रिक अपनी बाइक पर हरिद्वार की ओर भागने की फिराक में है। पुलिस ने घेराबंदी की और बाइक सवार तांत्रिक को रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। पुलिस का कहना है कि अपने को घेरा देखकर आरोपी तांत्रिक ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से आरोपित तांत्रिक शहजाद घायल हो गया। सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध दुष्कर्म और ठगी का मुकदमा दर्ज है। उसके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। पुलिस ने बाइक और उसके कब्जे से तमंचा व कारतूस बरामद किए है।