Tata Car Price Hike: अगर आप आने वाले कुछ दिनों या महीनों में टाटा की नई कार खरीदने की सोच रहे हैं, तो आपका बजट थोड़ा बढ़ सकता है। दरअसल, टाटा मोटर्स एक बार फिर अपनी गाड़ियों के दाम बढ़ाने की तैयारी में है। हाल ही में कंपनी ने कीमतें बढ़ाई थीं, लेकिन अब फिर से गाड़ियां महंगी हो सकती है।
क्यों बढ़ रहे गाड़ियों के दाम
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के एमडी और सीईओ शैलेश चंद्रा के मुताबिक गाड़ियों को बनाने में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की लागत काफी बढ़ गई है। कंपनी अब तक इस बढ़ते खर्च का बड़ा हिस्सा खुद संभाल रही थी, लेकिन अब कंपनी के लिए मौजूदा कीमतों पर नुकसान से बचना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में कंपनी आने वाले समय में बारी-बारी से गाड़ियों के दाम बढ़ा सकती है। कंपनी हर महीने समीक्षा करेगी और धीरे-धीरे गाड़ियों के दाम बढ़ाएगी।
डिस्काउंट और ऑफर्स में आ रही है कमी
कीमते बढ़ने के साथ-साथ दूसरा झटका आपको डीलरशिप के स्तर पर मिलने वाले ऑफर्स से लग सकता है। टाटा की लोकप्रिय कारों, जैसे पंच, नेक्सन, हैरियर और सफारी की जबरदस्त मांग है। मांग के मुकाबले सप्लाई थोड़ी धीमी होने के कारण शोरूम अब इन गाड़ियों पर मिलने वाले डिस्काउंट और ऑफर्स में तेजी से कमी आ रही है।
किन गाड़ियों पर पडे़गा असर
आपको बता दें कि इस फैसले का असर टाटा मोटर्स के लगभग पूरे पोर्टफोलियो पर पड़ सकता है। इसमें पेट्रोल और डीजल से चलने वाले लोकप्रिय मॉडल्स जैसे टियागो, अल्ट्रोज, पंच, नेक्सन, हैरियर, सफारी और सिएरा शामिल हैं। जबकि इसके साथ ही कंपनी की इलेक्ट्रिक व्हीकल जैसे टियागो EV, पंच EV, नेक्सन EV और कर्व EV की कीमतों में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।
यह भी पढ़ें: August EV Sales: टाटा पंच ईवी को पछाड़ नंबर-1 बनी यह धांसू 7-सीटर इलेक्ट्रिक एसयूवी, देखें अगस्त बिक्री रिपोर्ट
अब ग्राहक क्या करें
अगर आपने कार और उसका मॉडल सेलेक्ट कर लिया है, तो तुरंत बुकिंग करा लेना समझदारी होगी। बुकिंग के समय मौजूद एक्स-शोरूम कीमत और मिलने वाले डिस्काउंट को डीलर से लिखित में लॉक करवा लें। क्योंकि, आने वाले दिनों में एक्स-शोरूम दाम बढ़ने और डिस्काउंट खत्म होने से गाड़ी खरीदना ज्यादा खर्चीला हो जाएगा। हालांकि, अगर आप किसी नए वैरिएंट, विशेष फेस्टिव ऑफर या नए कलर ऑप्शन का इंतजार कर रहे हैं तभी रूकें, वरना देर करने पर कार महंगी पड़ सकती है।