जब अचानक यात्रा की जरूरत पड़ती है, तब ज्यादातर लोग तत्काल टिकट पर भरोसा करते हैं। लेकिन बुकिंग खुलते ही कुछ ही मिनटों में सीटें खत्म हो जाती हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह है एक तय समय पर हजारों लोगों का एक साथ टिकट बुक करना। भारी ट्रैफिक और तेज प्रतिस्पर्धा के कारण कई यात्रियों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल पाती। यही वजह है कि लोगों को लगता है कि एजेंट हमेशा उनसे पहले टिकट ले जाते हैं।
एजेंट कौन सी ट्रिक इस्तेमाल करते हैं
असल में कई एजेंट किसी जादुई सिस्टम का नहीं, बल्कि पहले से तैयारी का फायदा उठाते हैं। इसके लिए सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला फीचर है IRCTC का मास्टर लिस्ट विकल्प। इसमें यात्रियों की जानकारी पहले से सेव रहती है, जिससे बुकिंग के समय बार-बार नाम, उम्र, आईडी और पता भरने में समय बर्बाद नहीं होता। यही कुछ सेकंड टिकट मिलने और छूटने के बीच सबसे बड़ा फर्क बन जाते हैं।
ये भी पढ़ें : Hormuz पर घिरा दुनिया का दम, Trump की नाकाबंदी से महंगाई संकट और गहराया
मास्टर लिस्ट कैसे देती है फायदा
मास्टर लिस्ट में यात्री का नाम, उम्र, जेंडर, पता और पहचान पत्र की जानकारी सेव की जा सकती है। बुकिंग के समय बस यात्री को चुनना होता है और प्रक्रिया तेजी से पूरी हो जाती है। जिन लोगों को परिवार या ग्रुप के साथ सफर करना होता है, उनके लिए यह फीचर और ज्यादा उपयोगी साबित होता है। कम समय में पूरी डिटेल भर जाने से कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
आप कैसे बढ़ा सकते हैं टिकट मिलने के चांस
अगर आप भी तत्काल टिकट बुक करते हैं, तो पहले से अकाउंट लॉगिन रखें, पेमेंट विकल्प तैयार रखें और मास्टर लिस्ट बनाकर रखें। अच्छी इंटरनेट स्पीड और सही समय पर लॉगिन भी मदद करता है। याद रखें, यह कोई गुप्त हैक नहीं बल्कि स्मार्ट तैयारी है। तत्काल बुकिंग में अक्सर वही सफल होता है जो पहले से तैयार रहता है और हर सेकंड का सही इस्तेमाल करता है।