जब भी पायलट का नाम आता है तो दिमाग में आसमान में उड़ते विमान की तस्वीर बनती है, लेकिन अब एक ऐसी नौकरी सामने आई है जिसने इस सोच को बदल दिया है। ब्रिटिश एयरवेज ने पायलट्स के लिए एक खास पद निकाला है, जिसमें उन्हें विमान उड़ाना नहीं बल्कि जमीन पर चलाना होगा। इसके लिए सालाना करीब 1 लाख डॉलर यानी लगभग 95 लाख रुपये की सैलरी दी जा रही है, जो इस नौकरी को और भी आकर्षक बना रही है।
क्या होता है टैक्सी पायलट का काम
यह पद ओ'हारे इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए निकाला गया है, जो दुनिया के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट्स में से एक माना जाता है। यहां पायलट का काम विमान को रनवे से टर्मिनल और टर्मिनल से दूसरे स्थान तक सुरक्षित तरीके से ले जाना होता है। यानी विमान हवा में नहीं उड़ता, बल्कि जमीन पर ही एक जगह से दूसरी जगह शिफ्ट किया जाता है। इसे ही टैक्सी पायलट की भूमिका कहा जाता है।
क्यों पड़ी इस रोल की जरूरत
इस खास भूमिका की जरूरत एयरपोर्ट के जटिल ऑपरेशन की वजह से पड़ी है। एयरलाइन की फ्लाइट्स टर्मिनल 5 पर लैंड करती हैं, जहां अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की प्रक्रिया पूरी होती है। लेकिन आगे की घरेलू उड़ानों के लिए विमान को टर्मिनल 3 तक ले जाना पड़ता है। अमेरिकन एयरलाइंस के साथ साझेदारी के कारण यह प्रक्रिया और जरूरी हो जाती है ताकि यात्रियों को आसानी से अगली फ्लाइट मिल सके।
ये भी पढ़ें : Delhi से Howrah अब और करीब, कानपुर पटना रूट पर दौड़ेगी नई वंदे भारत
आसान नहीं है जिम्मेदारी
यह काम सुनने में जितना आसान लगता है, उतना है नहीं। बड़े विमान जैसे बोइंग 777 और बोइंग 787 को व्यस्त टैक्सी वे पर संभालना काफी चुनौतीपूर्ण होता है। पायलट को ग्राउंड कंट्रोल के साथ लगातार संपर्क बनाए रखना होता है, मौसम की स्थिति को समझना होता है और सुरक्षा के सभी नियमों का पालन करना होता है। छोटी सी गलती भी बड़ा खतरा बन सकती है, इसलिए अनुभव बेहद जरूरी है।
किसके लिए है यह मौका
यह नौकरी खास तौर पर उन पायलट्स के लिए है जो रिटायर हो चुके हैं या अब लंबी उड़ानें नहीं भर सकते, लेकिन उनके पास विमान संचालन का अच्छा अनुभव है। उम्मीदवार के पास वैध पायलट लाइसेंस और संबंधित विमान उड़ाने का अनुभव होना जरूरी है। यह वैकेंसी पेशेवर अनुभव को नए तरीके से इस्तेमाल करने का शानदार मौका दे रही है।
कम काम नहीं, अलग काम है यह
यह नौकरी यह साबित करती है कि एविएशन इंडस्ट्री में सिर्फ उड़ान भरना ही पायलट का काम नहीं है, बल्कि जमीन पर भी उतनी ही जिम्मेदारी होती है। अच्छी सैलरी और कम जोखिम के साथ यह रोल कई लोगों के लिए एक बेहतरीन विकल्प बनकर उभरा है।