
दुबई के मैदान पर टीम इंडिया ने फिर एक बार इतिहास रच दिया. एशिया कप 2025 के खिताबी मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को हराकर 9वीं बार एशिया कप चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. दुबई की रेत पर जब तिरंगा लहराया तो पूरे स्टेडियम में भारतीय फैंस का जोश देखने लायक था. टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला करने वाली टीम इंडिया ने शुरुआत में पाकिस्तान को हावी होने दिया, लेकिन कुलदीप यादव और भारतीय स्पिनरों ने कमाल का खेल दिखाकर मैच की पूरी तस्वीर पलट दी.
गेंदबाजों ने दिखाया एशिया कप में धमाल
पहले विकेट पर 113 रन बनाकर पाकिस्तान आराम से आगे बढ़ रहा था, लेकिन तभी भारतीय स्पिन तिकड़ी ने ऐसा जाल बिछाया कि पाकिस्तानी बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. कुलदीप यादव ने 30 रन देकर चार बल्लेबाजों को चलता किया. अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने भी शानदार स्पेल फेंका और पाकिस्तान को 146 पर ही रोक दिया. आखिरी झटका जसप्रीत बुमराह ने लगाया और अपनी स्टाइलिश सेलिब्रेशन से दर्शकों का दिल जीत लिया.
#OperationSindoor on the games field.
— Narendra Modi (@narendramodi) September 28, 2025
Outcome is the same - India wins!
Congrats to our cricketers.
गेंदबाजों की सारी रणनीति ध्वस्त की
लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया का आगाज उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. 20 रन तक पहुंचते-पहुंचते तीन दिग्गज बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे लेकिन फिर टीम इंडिया के नए सितारे तिलक वर्मा आए. शांत चेहरे के पीछे एक निडर आत्मविश्वास छिपाए इस बल्लेबाज ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की सारी रणनीतियों को ध्वस्त कर दिया. संजू सैमसन ने थोड़ी मदद दी, फिर शिवम दुबे ने आकर तिलक का साथ निभाया. दोनों ने मिलकर मैच को काबू में किया और पाकिस्तान को समझ आ गया कि ये मुकाबला अब हाथ से निकल रहा है.
शानदार छक्का
आखिरी ओवर में भारत को 10 रन चाहिए थे और तिलक वर्मा ने वही कर दिखाया जो बड़े सितारे करते हैं. उन्होंने पहली दो गेंदों पर रन निकालते हुए एक शानदार छक्का जड़ा और स्कोर बराबरी पर ला दिया. फिर रिंकू सिंह ने आते ही चौके से फिनिश करके भारतीय फैंस को जश्न मनाने का मौका दिया. 69 रनों की नाबाद पारी खेलने वाले तिलक वर्मा ने पूरी महफिल लूट ली. दुबई की रात में जब टीम इंडिया ने पाकिस्तान पर जीत के साथ ट्रॉफी उठाई और तिरंगा शान से लहराया, तो यह साफ हो गया कि एशिया का बादशाह सिर्फ एक है और वो कोई और नहीं भारत है !