
दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में एशिया कप 2025 के पहले ही मुकाबले में भारत ने ऐसा खेल दिखाया कि क्रिकेट जगत सन्न रह गया. संयुक्त अरब अमीरात यानी UAE के खिलाफ टीम इंडिया ने जीत ही नहीं दर्ज की, बल्कि अपने नाम एक नया ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी कर लिया. सूर्या भाऊ यानी कप्तान सूर्यकुमार यादव के फैसले ने खेल की तस्वीर बदल दी. बता दें भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और यही सबसे बड़ा मास्टरस्ट्रोक साबित हुआ. UAE की शुरुआत शानदार रही, ओपनर्स ने 3.3 ओवर में बिना विकेट खोए 26 रन बना दिए लेकिन इसके बाद भारत के गेंदबाजों ने ऐसी आंधी चलाई कि पूरी टीम सिर्फ 57 रन पर ढेर हो गई. महज 31 रन के अंदर 10 विकेट गिरना अपने आप में इतिहास था. ये भारत का टी20 क्रिकेट में अब तक का सबसे बड़ा गेंदबाजी रिकॉर्ड बना.
कुलदीप यादव का फिरकी वाला 'भौकाल'
मैच के हीरो कुलदीप यादव बने, जिन्हें इस बार टीम में शामिल करने पर सवाल उठे थे लेकिन उन्होंने अपने जादू से सबको जवाब दिया. कुलदीप ने 2.1 ओवर में सिर्फ 7 रन दिए और 4 विकेट झटके. खास बात ये रही कि एक ही ओवर में उन्होंने तीन बल्लेबाजों को चलता कर दिया. दुबई के मैदान पर उनकी फिरकी ने UAE की कमर तोड़ दी. कुलदीप के साथ-साथ शिवम दुबे भी कहर बनकर टूटे. उन्होंने 2 ओवर में केवल 4 रन खर्च किए और 3 विकेट हासिल किए. दुबे की तेज़ और सटीक गेंदबाजी के सामने बल्लेबाज बिखर गए. वहीं, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने भी 1-1 विकेट लेकर विरोधियों की उम्मीदें पूरी तरह खत्म कर दीं.
बल्लेबाजी में अभिषेक का धमाका
57 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने इसे मज़ाक बना दिया. अभिषेक शर्मा ने आते ही पहली गेंद पर छक्का जड़कर महफिल लूट ली. उन्होंने 15 गेंदों पर 30 रन बनाए, शुभमन गिल ने 16 रन जोड़े और कप्तान सूर्या ने एक गेंद पर छक्का लगाकर खेल खत्म कर दिया. भारत ने महज 27 गेंदों यानी 4.3 ओवर में जीत दर्ज की. ये जीत सिर्फ UAE को हराने की नहीं थी, बल्कि प्वाइंट्स टेबल पर भारत की बादशाहत कायम करने वाली थी. गेंदबाजों से लेकर बल्लेबाजों तक सभी ने ऐसा भौकाल दिखाया कि पाकिस्तान समेत बाकी टीमें अब टेंशन में आ गई हैं. शुरुआत से ही भारत ने जता दिया है कि एशिया कप 2025 का ताज उसी के सिर पर सजने वाला है.