भारतीय क्रिकेट में टी20 फॉर्मेट को लेकर अब बड़े बदलाव की चर्चा तेज हो गई है। आईपीएल 2026 में तीन युवा बल्लेबाजों ने ऐसी तबाही मचाई है कि टीम इंडिया की रणनीति बदलने की मांग उठने लगी है। वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या लगातार विस्फोटक बल्लेबाजी कर रहे हैं। इन तीनों की सबसे बड़ी ताकत यह है कि ये क्रीज पर टिकने के लिए समय नहीं लेते बल्कि पहली गेंद से ही हमला शुरू कर देते हैं। क्रिकेट फैंस और एक्सपर्ट्स मानने लगे हैं कि आने वाले समय में टी20 टीम की तस्वीर पूरी तरह बदल सकती है।
वैभव की खतरनाक बल्लेबाजी
राजस्थान के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में अपनी बल्लेबाजी से हर किसी को हैरान किया है। पिछले दो सीजन में उन्होंने तूफानी शतक लगाकर दुनिया का ध्यान अपनी तरफ खींचा। वैभव की खासियत उनकी आक्रामक शुरुआत है। टी20 क्रिकेट में अब तक वह 28 मैचों में 1105 रन बना चुके हैं। उनका स्ट्राइक रेट 215 का है, जो उन्हें बेहद खतरनाक बल्लेबाज बनाता है। आईपीएल 2026 में भी उनका बल्ला जमकर गरज रहा है और वह 10 मैचों में 404 रन ठोक चुके हैं।
प्रभसिमरन बने भरोसेमंद ओपनर
पंजाब के बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह भी इस सीजन लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। श्रेयस अय्यर की टीम के लिए वह सबसे भरोसेमंद ओपनर साबित हुए हैं। प्रभसिमरन लंबे समय से आईपीएल में खेल रहे हैं लेकिन इस बार उनका आत्मविश्वास अलग ही नजर आया। उन्होंने 10 मैचों में 464 रन बनाए हैं और कई मैचों में अकेले दम पर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई है। टी20 करियर में उनके नाम 3500 से ज्यादा रन दर्ज हैं। लगातार बड़े शॉट खेलने की उनकी क्षमता उन्हें टीम इंडिया के लिए मजबूत दावेदार बना रही है।
प्रियांश ने भी मचाया धमाल
दिल्ली के युवा बल्लेबाज प्रियांश आर्या ने भी आईपीएल 2026 में अपनी बल्लेबाजी से सबको प्रभावित किया है। पंजाब के लिए खेल रहे प्रियांश का स्ट्राइक रेट इस सीजन 242 से ज्यादा का है। वह 9 मैचों में 286 रन बना चुके हैं। उनकी पहचान लंबे छक्के लगाने वाले बल्लेबाज के रूप में बन चुकी है। घरेलू क्रिकेट में लगातार 6 छक्के लगाने के बाद वह चर्चा में आए थे। अब आईपीएल में उनका प्रदर्शन चयनकर्ताओं का ध्यान खींच रहा है। क्रिकेट एक्सपर्ट्स मानते हैं कि प्रियांश में भविष्य का बड़ा टी20 स्टार बनने की पूरी क्षमता है।
इसे भी पढ़ें : T20 कप्तानी पर बड़ा ट्विस्ट, Suryakumar की जगह अब Sanju Samson सबसे आगे
बदल सकती है टीम इंडिया
रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गजों ने कई साल तक भारतीय टी20 टीम को संभाला लेकिन अब क्रिकेट तेजी से बदल रहा है। चयनकर्ता ऐसे बल्लेबाज चाहते हैं जो शुरुआत से ही मैच का रुख बदल दें। वैभव, प्रभसिमरन और प्रियांश ने यही काम करके दिखाया है। इन तीनों की आक्रामक बल्लेबाजी ने यह संकेत दे दिया है कि आने वाले समय में टीम इंडिया का टी20 खेल और ज्यादा खतरनाक हो सकता है। अब देखना होगा कि चयनकर्ता इन युवा सितारों को कब मौका देते हैं।