Team India New Zealand : अक्टूबर में शुरू होने वाले टीम इंडिया के न्यूजीलैंड दौरे को लेकर क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। दौरे की शुरुआत में अभी करीब दो महीने का समय बाकी है, लेकिन टिकट बिक्री के आंकड़ों ने साफ कर दिया है कि भारत-न्यूजीलैंड मुकाबलों का इंतजार दोनों देशों के फैंस बेसब्री से कर रहे हैं। सिर्फ 48 घंटे में 26 हजार टिकट बिक चुके हैं, जो न्यूजीलैंड क्रिकेट के लिए एक नया रिकॉर्ड बन गया है।
प्री-सेल में टूटा रिकॉर्ड
न्यूजीलैंड क्रिकेट के इंटरनेशनल समर सीजन के लिए 24 अगस्त से शुरू हुई प्री-सेल में रिकॉर्ड टिकट बिक्री दर्ज की गई। पहले 48 घंटों के भीतर 26 हजार टिकट बिक गए। न्यूजीलैंड क्रिकेट का मानना है कि भारत के खिलाफ होने वाली 12 मैचों की बहु-प्रारूप सीरीज की वजह से टिकटों की मांग में जबरदस्त उछाल आया है। सबसे ज्यादा टिकट ऑकलैंड के ईडन पार्क में होने वाले सीमित ओवरों के मुकाबलों के लिए खरीदे गए हैं।
क्राइस्टचर्च और वेलिंगटन में भी भारी मांग
क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में 22 और 24 अक्टूबर को लगातार दो टी20 मुकाबले खेले जाएंगे। इसके अलावा 27 नवंबर से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच के टिकटों की भी भारी मांग है। न्यूजीलैंड क्रिकेट को उम्मीद है कि इन मुकाबलों के सभी टिकट जल्द बिक जाएंगे। वेलिंगटन के स्काई स्टेडियम और बेसिन रिजर्व में होने वाले मैचों को लेकर भी फैंस में खासा उत्साह है।
NZC ने जताई खुशी
न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुख्य विपणन और वाणिज्य अधिकारी ग्लेन क्रिचली ने कहा कि शुरुआती बिक्री ने उम्मीदों को भी पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि फैंस ने पहले से तैयारी कर सीटें बुक कर ली हैं, जिससे यह साफ है कि भारत के खिलाफ सीरीज को लेकर उत्साह चरम पर है। उनके मुताबिक यह न्यूजीलैंड के दर्शकों के लिए दुनिया के बड़े क्रिकेट सितारों को करीब से देखने का शानदार मौका होगा।
7 सितंबर से आम बिक्री शुरू
फिलहाल टिकटों की बिक्री क्रिकेट नेशन सदस्यों के लिए चल रही है। आम दर्शकों के लिए टिकट विंडो 7 सितंबर से खोली जाएगी। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने फैंस को पहले से पंजीकरण कर सीटें सुरक्षित करने की सलाह दी है। शुरुआती चरण में टिकट खरीदने वालों को विशेष छूट भी दी जा रही है।
12 मैचों की बड़ी सीरीज
टीम इंडिया अक्टूबर से दिसंबर तक न्यूजीलैंड दौरे पर रहेगी। इस दौरान दोनों टीमों के बीच 5 टी20, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैच खेले जाएंगे। 22 अक्टूबर से शुरू होने वाली यह सीरीज लगभग डेढ़ महीने तक चलेगी और विश्व क्रिकेट की सबसे चर्चित द्विपक्षीय सीरीज में से एक मानी जा रही है।
इसे भी पढ़ें : 90% फिट Babar Azam खेलेंगे लॉर्ड्स टेस्ट, मैच से पहले खुद किया बड़ा खुलासा
रोहित-विराट के बाद नई चुनौती
इस दौरे को टीम इंडिया के लिए बड़ी परीक्षा माना जा रहा है। न्यूजीलैंड की परिस्थितियां हमेशा से विदेशी टीमों के लिए चुनौतीपूर्ण रही हैं। ऐसे में भारतीय टीम के प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहेंगी। फिलहाल टिकट बिक्री के आंकड़े यह दिखा रहे हैं कि मैदानों में दर्शकों की कमी नहीं रहने वाली और भारत-न्यूजीलैंड मुकाबले एक बार फिर बड़े क्रिकेट उत्सव का रूप लेने जा रहे हैं।