भारतीय टी20 टीम इस समय साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज में जुटी हुई है और तीसरा मुकाबला जीतकर टीम इंडिया ने 2-1 की बढ़त बना ली है। अब सीरीज का चौथा मैच लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। इस अहम मुकाबले से पहले टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने थोड़ा रिलैक्स करने का फैसला किया। कप्तान सूर्यकुमार यादव, उपकप्तान शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा समेत कई खिलाड़ी लखनऊ के एक मल्टीप्लेक्स में रणबीर सिंह की सुपरहिट फिल्म ‘धुरंधर’ देखने पहुंचे।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
टीम इंडिया के खिलाड़ियों का यह मूड फ्रेश करने वाला पल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सामने आए वीडियो में शुभमन गिल अपने ओपनिंग पार्टनर अभिषेक शर्मा के साथ सबसे आगे चलते नजर आ रहे हैं। उनके पीछे कप्तान सूर्यकुमार यादव मस्ती के मूड में दिखाई देते हैं। वहीं हर्षित राणा, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, जितेश शर्मा, वरुण चक्रवर्ती और अर्शदीप सिंह भी अपने साथियों के साथ नजर आए। फैंस को इस वीडियो में कोच गौतम गंभीर की झलक का इंतजार था, लेकिन वह वीडियो में दिखाई नहीं दिए।
‘धुरंधर’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा
रणबीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ इस वक्त बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई कर रही है और दर्शकों के बीच इसका क्रेज चरम पर है। फिल्म में रणबीर सिंह की एक्टिंग की खूब तारीफ हो रही है। कहानी भारत में हुए 26/11 आतंकी हमले और पाकिस्तान में चल रही आतंकी गतिविधियों के इर्द-गिर्द घूमती है। रणबीर फिल्म में एक भारतीय जासूस की भूमिका निभा रहे हैं, जो पाकिस्तान में रहकर भारत के खिलाफ रचे जा रहे षड्यंत्रों की जानकारी देश तक पहुंचाता है। टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने भी इसी देशभक्ति और थ्रिल से भरी फिल्म का लुत्फ उठाया।
इसे भी पढ़ें : Team India को लगा बड़ा झटका, सीरीज के बीच बाहर हुए अक्षर पटेल, इस नए नाम की टीम में एंट्री !
चौथे टी20 पर टिकी निगाहें
लखनऊ में खेले जाने वाले चौथे टी20 मैच में टीम इंडिया की नजर सीरीज जीत पर होगी। 2-1 की बढ़त के साथ भारतीय टीम आत्मविश्वास से भरी हुई है और घरेलू दर्शकों के सामने जीत दर्ज कर सीरीज अपने नाम करना चाहेगी। मैच से पहले खिलाड़ियों का इस तरह एक साथ समय बिताना टीम बॉन्डिंग के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘धुरंधर’ देखकर फ्रेश हुई टीम इंडिया मैदान पर भी उतने ही दमदार अंदाज में नजर आती है या नहीं।