टीम इंडिया के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव के लिए अब मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। हाल ही में उन्होंने टीम इंडिया को 2025 एशिया कप और 2026 टी20 वर्ल्ड कप जिताया था लेकिन अब उनकी कप्तानी पर खतरा मंडरा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक BCCI लंबे समय के विकल्प की तलाश में जुट गया है। माना जा रहा है कि 2028 टी20 वर्ल्ड कप और लॉस एंजिल्स ओलंपिक को ध्यान में रखते हुए चयनकर्ता नया कप्तान चुन सकते हैं। इस रेस में श्रेयस अय्यर सबसे आगे बताए जा रहे हैं।
कप्तानी के बाद गिरा बल्लेबाजी ग्राफ
सूर्यकुमार यादव का कप्तानी रिकॉर्ड शानदार है लेकिन बल्लेबाजी लगातार चिंता का कारण बनी हुई है। कप्तान बनने के बाद उन्होंने 45 मैचों में सिर्फ 932 रन बनाए हैं। उनका औसत 25.88 तक गिर गया है जबकि स्ट्राइक रेट भी पहले के मुकाबले काफी नीचे आया है। IPL 2026 में भी वह संघर्ष करते दिखे हैं। मुंबई के लिए 10 मैचों में वह सिर्फ 195 रन ही बना सके। यही वजह है कि चयनकर्ताओं को अब लगने लगा है कि कप्तानी का दबाव उनकी बल्लेबाजी पर असर डाल रहा है।
बड़े मैचों में नहीं चला बल्ला
रिपोर्ट्स के मुताबिक चयनकर्ताओं की सबसे बड़ी चिंता बड़े टूर्नामेंट्स में सूर्या की बल्लेबाजी रही है। एशिया कप 2025 में उन्होंने सिर्फ 72 रन बनाए थे जबकि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 9 पारियों में 252 रन ही बना सके। अमेरिका के खिलाफ एक बड़ी पारी को छोड़ दें तो बाकी मुकाबलों में वह संघर्ष करते नजर आए। इंग्लैंड, पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका जैसी बड़ी टीमों के खिलाफ भी उनका रिकॉर्ड खराब रहा है। बड़े मुकाबलों में कप्तान का आगे आकर प्रदर्शन करना जरूरी माना जाता है लेकिन सूर्या यहां कमजोर साबित हुए।
इसे भी पढ़ें : बंगाल में नई सरकार की हलचल तेज, Amit Shah के दौरे से बढ़ी सियासी सरगर्मी
फिटनेस और चोट भी बनी चिंता
सूर्या की कलाई की चोट भी टीम मैनेजमेंट के लिए चिंता का बड़ा कारण बनी हुई है। पिछले एक साल से वह अपनी फिटनेस से जूझ रहे हैं। उनकी सिग्नेचर बल्लेबाजी शैली पर भी इसका असर दिखा है। कप्तान बनने के बाद उनके बल्ले से एक भी शतक नहीं निकला जबकि पहले वह 4 टी20 शतक लगा चुके थे। अब BCCI ऐसे खिलाड़ी की तलाश में है जो लंबे समय तक पूरी फिटनेस के साथ टीम को संभाल सके। यही वजह है कि श्रेयस अय्यर को नई जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा तेजी से बढ़ गई है।