भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुकी है। टीम इंडिया इस समय सीरीज में 3-1 से आगे है। अब सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला 31 जनवरी को तिरुवनंतपुरम के ग्रीन फील्ड स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें मैच से पहले ही तिरुवनंतपुरम पहुंच चुकी हैं और मुकाबले को लेकर उत्साह चरम पर है।
मंदिर पहुंचे टीम इंडिया के खिलाड़ी
आखिरी टी20 मैच से पहले टीम इंडिया के खिलाड़ी तिरुवनंतपुरम के प्रसिद्ध श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर पहुंचे। मंदिर दर्शन के दौरान कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव समेत कई खिलाड़ी मौजूद रहे। खिलाड़ियों ने मंदिर में पूजा-अर्चना की और अच्छे प्रदर्शन की कामना की।
वायरल हुए फोटो और वीडियो
श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर में टीम इंडिया के खिलाड़ियों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। मंदिर परिसर में खिलाड़ियों के साथ पुजारी भी नजर आए। खिलाड़ियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में फैंस वहां पहुंचे और हर कोई आखिरी मुकाबले से पहले टीम इंडिया का उत्साह बढ़ाता दिखा।
चौथे मैच में झेलनी पड़ी थी हार
टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला विशाखापत्तनम में खेला गया था, जहां टीम इंडिया को 50 रनों से हार का सामना करना पड़ा। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 215 रन बनाए थे। जवाब में टीम इंडिया 18.4 ओवर में 165 रन पर सिमट गई थी। हालांकि इससे पहले शुरुआती तीन मैचों में टीम इंडिया ने शानदार जीत दर्ज की थी।
इसे भी पढ़ें : भारत में खेलने से Bangladesh का इनकार पड़ा भारी, बाहर हुआ T20 World Cup से, श्रीलंका ने तोड़ी चुप्पी
आखिरी मैच में जीत पर नजर
अब टीम इंडिया की कोशिश होगी कि आखिरी टी20 मैच जीतकर सीरीज का शानदार अंत किया जाए। न्यूजीलैंड की टीम भी हार का बदला लेने के इरादे से उतरेगी। ऐसे में दोनों टीमों के बीच मुकाबला काफी रोमांचक होने की उम्मीद है।
वर्ल्ड कप की तैयारी में जुटी टीम इंडिया
इस सीरीज के बाद टीम इंडिया सीधे टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी में उतर जाएगी। टीम इंडिया इस टूर्नामेंट में अपने खिताब का बचाव करने उतरेगी। वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का पहला मुकाबला 7 फरवरी को यूएसए के खिलाफ खेला जाएगा। फैंस को उम्मीद है कि टीम इंडिया जीत की लय बरकरार रखेगी।