टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच ऐसा मुकाबला खेला गया जिसे क्रिकेट प्रशंसक लंबे समय तक याद रखेंगे। मुंबई के वानखेड़े मैदान पर रन भी खूब बने और रोमांच भी आखिरी ओवर तक बना रहा। अंत में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। इस जीत के पीछे सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं बल्कि कई खिलाड़ियों का बड़ा योगदान रहा।
संजू सैमसन की धमाकेदार पारी
इस मुकाबले में भारत की जीत की नींव संजू सैमसन ने रखी। उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 89 रन बनाए। उनकी पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। सैमसन की इसी तेज पारी की बदौलत टीम इंडिया ने बड़ा स्कोर खड़ा किया। उनके खेल ने शुरुआत से ही इंग्लैंड के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।
जसप्रीत बुमराह की किफायती गेंदबाजी
इस मुकाबले में जसप्रीत बुमराह की गेंदबाजी भी बेहद अहम रही। जब इंग्लैंड की टीम तेजी से रन बना रही थी तब बुमराह ने शानदार नियंत्रण दिखाया। उन्होंने अपने ओवरों में रन रोककर इंग्लैंड पर दबाव बढ़ा दिया। खासकर उनके दो ओवरों ने मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया और इंग्लैंड की रफ्तार धीमी कर दी।
हार्दिक पांड्या ने भी निभाई बड़ी भूमिका
हार्दिक पांड्या ने भी गेंदबाजी में अहम योगदान दिया। उन्होंने दबाव के समय विकेट लेकर इंग्लैंड की साझेदारी तोड़ी। पांड्या ने अपने चार ओवर में 38 रन देकर दो विकेट हासिल किए। मैदान पर उनका आत्मविश्वास और ऊर्जा भी बाकी खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनी।
अक्षर पटेल की शानदार फील्डिंग
इस मुकाबले में अक्षर पटेल की फील्डिंग भी चर्चा का विषय बनी रही। उन्होंने मैदान पर दो शानदार कैच पकड़े। इनमें से एक कैच इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक का था जो उस समय अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे। इस कैच ने मैच का रुख बदलने में अहम भूमिका निभाई।
ईशान किशन की तेज साझेदारी
अभिषेक शर्मा के जल्दी आउट होने के बाद ईशान किशन ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने तेज बल्लेबाजी करते हुए 18 गेंदों में 39 रन बनाए। संजू सैमसन के साथ उनकी 97 रन की साझेदारी ने टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इसी साझेदारी ने मैच की असली नींव रखी और भारत को बड़ी जीत दिलाने में मदद की।