दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार सुबह एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी के कारण उड़ानों की रफ्तार थम गई। देश के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट पर अचानक हुई इस समस्या की वजह से 100 से अधिक फ्लाइट्स में देरी दर्ज की गई। उड़ानों की लेट होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और टर्मिनल पर भीड़ बढ़ गई।
ऑटोमैटिक मैसेज स्विचिंग सिस्टम में तकनीकी दिक्कत
सूत्रों के अनुसार, एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम से जुड़ा ऑटोमैटिक मैसेज स्विचिंग सिस्टम (AMSS) गुरुवार शाम से ही तकनीकी दिक्कत दे रहा था। यह सिस्टम उड़ानों के फ्लाइट प्लान्स को ऑटोमैटिक तरीके से प्रोसेस करता है, लेकिन खराबी के चलते यह प्रक्रिया बाधित हो गई। इसके बाद अधिकारियों को फ्लाइट प्लान्स को मैन्युअल रूप से प्रोसेस करना पड़ा, जिससे उड़ानों के टेकऑफ में देरी होने लगी।
यात्रियों की बढ़ी परेशानी और लंबा इंतजार
तकनीकी गड़बड़ी के कारण उड़ानें शेड्यूल से काफी देर बाद रवाना हो रही हैं। रनवे पर एयर ट्रैफिक बढ़ने से स्थिति और जटिल हो गई है। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट्स के अनुसार, औसतन 50 मिनट तक की देरी दर्ज की जा रही है। कई यात्रियों को गेट बदलने और बार-बार की घोषणाओं के बीच लंबा इंतजार करना पड़ा।
तकनीकी टीम दुरुस्ती में जुटी
तकनीकी टीमों ने तुरंत कंट्रोल सिस्टम की खराबी की जांच शुरू की और मरम्मत कार्य जारी है। अधिकारियों ने बताया कि सभी एजेंसियां मिलकर यह सुनिश्चित करने में लगी हैं कि सिस्टम जल्द से जल्द सामान्य हो जाए ताकि उड़ानों का संचालन फिर से सुचारु रूप से शुरू हो सके।
जल्द सामान्य होने की उम्मीद
हालात धीरे-धीरे सुधर रहे हैं और कई उड़ानों का संचालन पुनः आरंभ कर दिया गया है। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी उड़ानों की ताजा जानकारी एयरलाइन से प्राप्त करें और अफवाहों पर ध्यान न दें। उम्मीद है कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम की दिक्कत अगले कुछ घंटों में पूरी तरह हल हो जाएगी।