मेरठ। मां की फटकार से क्षुब्ध किशोरी ने जहर खा लिया। गंभीर हालत में उसे एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर है। परिजनों ने पुलिस से कानूनी कार्रवाई से इन्कार कर दिया। परतापुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 16 वर्षीय किशोरी कालेज में पढ़ती है। शुक्रवार रात उसने घर में जहर खा लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजनों को इसका पता चला। परिजन आनन-फानन में किशोरी के प्राइवेट अस्पताल में ले गए।
किशोरी की हालत को गंभीर देखते हुए डाक्टरों ने उसे आइसीयू में भर्ती करा दिया। किशोरी के जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी मिलते ही परतापुर थाने की पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों से मामले की जानकारी की, लेकिन परिजनों में पुलिस को किसी भी तरफ की कार्रवाई करने से इन्कार कर दिया, क्योंकि उनका कहना था कि यह परिवार का मामला है, वह खुद ही सुलझाना चाहते है।
बताया जा रहा है कि किशोरी का भाइयों से किसी बात पर विवाद हो गया था। इस दौरान मां ने उसे डांट दिया। मां की डांट से आहत होकर किशोरी ने घर में रखी गेहूं में डालने वाली कीटनाशक दवा की गोलियां खा लीं, जबकि स्थानीय लोगों का कहना था कि छात्रा ने प्रेम प्रसंग के चलते जहरीला पदार्थ खाया है।