मवाना। थाना क्षेत्र की इंदिरा कॉलोनी में 17 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों द्वारा गंभीर हालत में उसे नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच में जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई है, हालांकि मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार इंदिरा कॉलोनी निवासी पप्पू की पुत्री सोनिया की रविवार देर शाम अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे आनन-फानन में उधम सिंह चौक स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए उपचार शुरू किया, लेकिन कुछ समय बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना हस्तिनापुर पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।
थाना प्रभारी लाला राम शर्मा ने बताया कि किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।