ग्रेटर नोएडा। दनकौर कोतवाली क्षेत्र के बिलासपुर कस्बे में एक 17 वर्षीय किशोरी ने घरेलू कलह से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। मृतका का नाम सारीबा था, जिसने अपने कमरे में पंखे से कपड़ा बांधकर फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार ने उसे फंदे से उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार, सारीबा की मां का निधन करीब सात साल पहले हो गया था, जब वह कक्षा छह में पढ़ती थी। इसके बाद उसके पिता ने दूसरी शादी कर ली थी। बताया जाता है कि सौतेली मां और सारीबा के बीच अक्सर अनबन रहती थी। दूसरी शादी के बाद उसकी पढ़ाई भी रोक दी गई थी। शुक्रवार रात किसी बात को लेकर सौतेली मां ने उसे डांटा था, जिसके बाद वह तनाव में आ गई और आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलने पर दनकौर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि किशोरी ने घरेलू कलह के कारण आत्महत्या की है। पीड़ित परिवार ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई के लिए कोई लिखित शिकायत नहीं दी है।