
जनपद के थाना बुढाना क्षेत्र के अंतर्गत कस्बा निवासी एक किशोर ने ऑनलाइन गेमिंग में काफी बड़ी रकम हार जाने के बाद खुद के ही अपहरण का नाटक रच कर अपने परिजनों से 50 लाख की रकम की फिरौती मांग ली। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सर्विलांस की सहायता से किशोर को मेरठ रेलवे स्टेशन से कब्जे में लिया। एसएसपी ने किशोर के माफी मांगने पर दरियादिली दिखाते हुए उसको बिना कोई कानूनी कार्रवाई के सुधरने का मौका देकर भविष्य में इस तरह के नाटक पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देकर छोड़ दिया।
पुत्र का फिरौती के लिए आक्रमण कर लिया
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि बुढ़ाना कस्बा निवासी एक व्यक्ति द्वारा पुलिस को सूचना दी गई कि बदमाशों ने उसके करीब 15 वर्षीय पुत्र का फिरौती के लिए आक्रमण कर लिया है। बताया गया कि पहले अपहरण कर्ताओं ने चार करोड रुपए की फिरौती की मांग की थी लेकिन बाद में वह 50 लाख रुपए तक आ गए। बुढ़ाना कोतवाल सुभाष अत्री ने इस मामले में अधिकारियों को अवगत कराया और मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी द्वारा पुलिस की एक टीम का गठन किया। तब काफी भागदौड़ कर पुलिस टीम के द्वारा टेक्निकल व सर्विलांस सुविधाओं का उपयोग करते हुए पूरी रात भाग दौड़कर अन्य माध्यमों की सहायता से अपहृत किशोर को मेरठ के रेलवे स्टेशन के पास से सकुशल बरामद किया गया।
अपहृत किशोर से पूछताछ की गयी तो उसने बताया कि वह ऑनलाइन गेमिंग में काफी पैसे हार गया था। जिस कारण उसने स्वंय के अपहरण का झूठा नाटक किया तथा परिजनों से फिरौती की मांग की थी। किशोर के मोबाइल की जांच पर उसमे काफी ऑनलाइन गेमिंग ऐप भी मिले है।बुढ़ाना पहुंचे एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने खुद इस मामले में पुलिस द्वारा बरामद किए गए किशोर से बात कर उसके करियर को देखते हुए बिना किसी कानूनी कार्रवाई के सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया। इससे पहले उन्होंने किशोर को समझाते हुए ऐसा दोबारा नही करने की सख्त हिदायत दी। इस संबंध में एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने मीडिया के माध्यम से सब अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों का विशेष ध्यान रखें व उनके वित्तीय लेन देन पर भी दृष्टि रखें। जिससे बच्चे की गलत गतिविधि का समय रहते उन्हें पता चल सके और भविष्य में परेशानी ना हो।
किशोर को ऐसा करने के लिए किसी ने उकसाया?
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है कि अपहरण का नाटक रच कर परिजनों से फिरौती मांगने के लिए उसे किसी व्यक्ति द्वारा तो नहीं उकसाया गया था। यदि ऐसी बात सामने आती है तो उसे व्यक्ति के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी। इसके लिए किशोर के फोन कॉल की जांच की जा रही है।