Noida News: नोएडा पुलिस ने नाबालिग की हत्या के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश कर दिया। दरअसल याकूबपुर में 23 नवंबर की रात आठ बजे एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। प्रेमिका की नाबालिग बेटी से प्रेम करने पर भड़के वेल्डिंगकर्मी ने अपने दोस्त संग मिलकर 16 वर्षीय किशोर ओमकार की गला घोटकर हत्या कर दी। दोनों आरोपित शव को छह मंजिला बिल्डिंग के कमरे में छोड़कर बाइक से फरार हो गए थे। फेज-दो पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया।
मेट्रो स्टेशन के पास ग्रीन बेल्ट से पकड़ा गया
डीसीपी सेंट्रल जोन शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि हापुड़ निवासी वेल्डिंगकर्मी अल्ताफ और उसका दोस्त फैजान को एनएसईजेड मेट्रो स्टेशन के पास ग्रीन बेल्ट से पकड़ा गया। अल्ताफ याकूबपुर की एक बिल्डिंग में ऊपरी मंजिल पर रहता था। पड़ोस में एक महिला अपनी 14 वर्षीय बेटी के साथ रहती थी, जिससे अल्ताफ का प्रेम-प्रसंग चल रहा था। अल्ताफ को जब पता चला कि किशोर ओमकार उसकी प्रेमिका की बेटी से प्रेम करता है, तो उसने उसे मना किया। ओमकार के इनकार करने पर अल्ताफ भड़क गया।
गुस्से में ओमकार का गला घोट दिया
23 नवंबर को अल्ताफ की प्रेमिका अपनी बहन की शादी में गई हुई थी। उसी दौरान अल्ताफ ने ओमकार को घर के नीचे देखा और उसे कमरे में बुला लिया। फैजान भी मौजूद था। बातचीत के दौरान अल्ताफ ने गुस्से में ओमकार का गला घोट दिया और फैजान ने उसका साथ दिया। हत्या के बाद दोनों ने शव कमरे में छोड़कर बाहर से ताला लगाया और सफेद रंग की अपाचे बाइक से भाग निकले।
अंदर झांकने पर बेटे का शव पड़ा मिला
थाना प्रभारी विंध्याचल तिवारी ने बताया कि मृतक ओमकार बिहार के कैमूर जिले के ग्राम नौहट्टा निवासी मृत्युंजय का इकलौता बेटा था। देर रात घर न लौटने पर परिजन उसे खोजते हुए बिल्डिंग तक पहुंचे। वहां अल्ताफ के कमरे के बाहर ओमकार की चप्पल देखकर उन्हें शक हुआ। दरवाजे के पास बने छोटे छेद से अंदर झांकने पर बेटे का शव पड़ा मिला। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
आरोपियों को गिरफ्तार किया गया
पुलिस ने साक्ष्यों और परिजनों के बयान के आधार पर जांच शुरू की और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मृतक का मोबाइल फोन बरामद करने की कोशिश कर रही है।