Waqf Board Inspector Arrested: तेलंगाना में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने वक्फ बोर्ड के एक इंस्पेक्टर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी पर आरोप है कि उसने मस्जिद की संपत्ति को वक्फ बोर्ड के रिकॉर्ड में दर्ज कराने से संबंधित रिपोर्ट भेजने के बदले शिकायतकर्ता से पैसे मांगे थे। एसीबी ने कार्रवाई करते हुए रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली और आरोपी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मस्जिद की संपत्ति दर्ज कराने के बदले मांगी थी रिश्वत
एसीबी के अनुसार मामला नलगोंडा जिले से जुड़ा है, जहां तैनात वक्फ बोर्ड इंस्पेक्टर ने एक व्यक्ति से 10 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने फरवरी 2025 में पेद्दावूरा स्थित जामे मस्जिद अबूबकर सिद्दीक रहमतुल्ला अलाई की संपत्ति को वक्फ रिकॉर्ड में दर्ज कराने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि इस संबंध में हैदराबाद स्थित वक्फ बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को रिपोर्ट भेजने के बदले इंस्पेक्टर ने रिश्वत की मांग की थी।
एसीबी की कार्रवाई में आरोपी रंगे हाथों पकड़ा गया
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। जैसे ही आरोपी अधिकारी ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। जांच एजेंसी ने उसके कब्जे से पूरी राशि बरामद कर ली। अधिकारियों के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर विशेष एसीबी अदालत में पेश किया जाएगा, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग का अधिकारी भी रिश्वत लेते गिरफ्तार
इसी दौरान एसीबी ने तेलंगाना में एक अन्य भ्रष्टाचार के मामले का भी खुलासा किया है। जगित्याल जिले में वन विभाग के एक रेंज अधिकारी को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि अधिकारी ने सागौन के पेड़ों की कटाई और उनके परिवहन की अनुमति देने के बदले शिकायतकर्ता से धनराशि मांगी थी। शुरुआत में दो लाख रुपये की मांग की गई थी, जिसे बाद में कम कर दिया गया।
भ्रष्टाचार के मामलों की जांच जारी
एसीबी के अनुसार वन विभाग के अधिकारी के कार्यालय से रिश्वत की रकम बरामद की गई। जांच एजेंसी का कहना है कि दोनों अधिकारियों ने अपने पद का दुरुपयोग कर अनुचित लाभ लेने का प्रयास किया। फिलहाल दोनों मामलों की विस्तृत जांच जारी है और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानूनों के तहत कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।