Cyber Fraud: भारत सरकार के दूरसंचार विभाग (DoT) ने स्मार्टफोन यूजर्स के लिए एक साइबर फ्रॉड अलर्ट जारी किया है। कहा है कि अगर आपके पास कोई ऐसी कॉल आती है, जिसमें इंटरनेशनल कॉल (विदेशी कॉल) होने का दावा किया जा रहा हो, लेकिन उस नंबर की शुरुआत भारतीय कंट्री कोड यानी +91 से हो रही हो, तो तुरंत सावधान हो जाएं।
DoT ने क्या कहा?
DoT ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट शेयर कर लोगों को चेतावनी दी कि अगर कोई कॉल +91 नंबर के साथ इंटरनेशनल कॉल होने का दावा करे, तो उसे तुरंत संदिग्ध समझना चाहिए। विभाग के मुताबिक, असली इंटरनेशनल कॉल हमेशा उसी देश के कंट्री कोड से आती है जहां से वह की जा रही है। '+91' भारत का कंट्री कोड है, इसलिए +91 नंबर से खुद को विदेशी कॉल बताना सीधे तौर पर धोखाधड़ी और फ्रॉड का संकेत है।
आधुनिक तकनीकों का कर रहे इस्तेमाल
DoT ने बताया कि साइबर अपराधी अब लोगों को जाल में फंसाने के लिए 'Caller ID Spoofing' जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस तकनीक की मदद से स्कैमर्स किसी भी नंबर को असली या भरोसेमंद दिखाने की कोशिश करते हैं। ताकि लोग उनके झांसे में आ जाएं।
यह भी पढ़ें: Power Banks: चार्जिंग के दौरान पावर बैंक में नहीं रहेगा आग लगने का खतरा! जानिए नई सॉलिड-स्टेट बैटरी के फायदे
खाली कर देते हैं बैंक अकाउंट
कॉल के दौरान ये ठग खुद को पुलिस अधिकारी, टेलीकॉम अधिकारी, बैंक कर्मचारी या डिलीवरी एजेंट बताते हैं। इसके बाद वे यूजर्स को डराते हैं कि उनका सिम कार्ड बंद होने वाला है, बैंक अकाउंट ब्लॉक हो जाएगा या उनके नाम पर कोई अवैध पार्सल पकड़ा गया है। इन कॉल्स का मकसद लोगों से बैंकिंग डिटेल, OTP, पासवर्ड और दूसरी निजी जानकारी हासिल करना होता है। कुछ मामलों में यूजर्स को फर्जी लिंक भेजे जाते हैं, जिससे मोबाइल और बैंक अकाउंट दोनों खतरे में पड़ सकते हैं।
संदिग्ध कॉल्स की शिकायत कहां करें?
सरकारी एजेंसियों और साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों ने पहले भी इस तरह की स्पूफ कॉल्स को बड़ा खतरा बताया है। इसलिए किसी भी अनजान या संदिग्ध कॉल पर अपनी पर्सनल या फाइनेंशियल जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। अगर कोई कॉल संदिग्ध लगे तो तुरंत सतर्क हो जाएं और उसकी शिकायत करें। विभाग ने लोगों से कहा है कि अगर आपको ऐसा कोई फर्जी या संदिग्ध कॉल आता है, तो उसकी रिपोर्ट तुरंत सरकार के संचार साथी पोर्टल पर दर्ज कराएं। यह ऐप सरकारी सेवा यूजर्स को साइबर और टेलीकॉम सुरक्षा से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराती है।