अमेरिका से बढ़ते तनाव और बातचीत के बीच ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई ने ईरानियों से खास अपील की। 1979 की इस्लामिक क्रांति की 47वीं सालगिरह से पहले एकजुटता दिखाने और दुश्मन को निराश करने की अपील की। टेलीविजन पर प्रसारित संबोधन में, खामेनेई ने कहा कि राष्ट्रीय शक्ति मिसाइलों और विमानों जैसे मिलिट्री हार्डवेयर के बजाय दृढ़ संकल्प और मुंह तोड़ जवाब देने पर ज्यादा निर्भर करती है। उनकी यह टिप्पणी तब आई है जब ईरान इस्लामिक क्रांति की जीत का जश्न मनाने के लिए बुधवार को देश भर में रैलियां आयोजित करने की तैयारी कर रहा है।
दुश्मन को निराश होना ही होगा
खामेनेई ने कहा, जब तक दुश्मन निराश नहीं होता, एक राष्ट्र उत्पीड़न का शिकार होता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी सुप्रीम लीडर के हवाले से बताया गया कि दुश्मन को निराश होना ही होगा। उन्होंने सालाना मार्च को सम्मान का प्रदर्शन बताया जो विदेशी शक्तियों को ईरानी मामलों में दखल देने की महत्वाकांक्षाओं से पीछे हटने के लिए मजबूर करता है।
समझौते की संभावना अनिश्चित बनी हुई है
मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य जमावड़े और तेहरान के खिलाफ लगातार धमकियों के बीच खामेनेई के ये शब्द यूएस के साथ बढ़े तनाव को दर्शाते हैं। शुक्रवार को ओमान के मस्कट में ईरानी और अमेरिकी प्रतिनिधिमंडलों के बीच अप्रत्यक्ष परमाणु वार्ता के बावजूद तल्खी बरकरार है, जिससे समझौते की संभावना अनिश्चित बनी हुई है।
इस्लामिक क्रांति एक महत्वपूर्ण क्षण था
खामेनेई ने उम्मीद जताई कि इस साल की वर्षगांठ अन्य राष्ट्रों, सरकारों और शक्तियों को ईरानी लोगों के प्रति विनम्रता और सम्मान दिखाने के लिए मजबूर करेगी। 1979 की इस्लामिक क्रांति एक महत्वपूर्ण क्षण था जिसने ईरान को पश्चिमी समर्थक राजशाही से एक इस्लामी गणराज्य में बदल दिया था। अयातुल्ला रुहोल्लाह खुमैनी के नेतृत्व में, मौलवियों, छात्रों और धर्मनिरपेक्ष कार्यकर्ताओं के एक विविध गठबंधन ने यूएसए समर्थित शाह मोहम्मद रजा पहलवी को उखाड़ फेंका था।