दिल्ली-दून हाईवे पर सकौती कट के पास हुए सड़क हादसे में घायल बाइक सवार युवक की मंगलवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
युवक गंभीर रूप से घायल हो गया
सकौती चौकी इंचार्ज केके गौतम ने बताया कि जिला प्रतापगढ़ के थाना महेशगंज क्षेत्र के गांव भैसाना निवासी 25 वर्षीय अंकित उर्फ नागेंद्र बहादुर सोमवार रात बाइक से जा रहा था। इसी दौरान सकौती कट के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। युवक के मोबाइल पर आई कॉल की मदद से पुलिस ने परिजनों को हादसे की जानकारी दी। मंगलवार को उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। थाना पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।