
अफगानिस्तान के फरयाब प्रांत में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। यहां पर कम से कम छह लोगों की मौत हो गई, वहीं चार अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना ख्वाजा सब्ज पोश जिले के बाहरी इलाके में हुई है। यहां पर एक यात्री कार और ट्रक आमने-सामने से टकरा गए। टक्कर काफी भयानक थी। कार में सवार छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान चार घायल हो गए। मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए करीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गौरतलब है कि अफगानिस्तान में हर साल हजारों लोग सड़क हादसों का शिकार होते हैं। इसका कारण लापरवाह ड्राइविंग, जर्जर सड़कें, ट्रैफिक संकेतों की कमी, ओवरलोडिंग और तेज रफ़्तार को माना जाता है।
कार पलटने से तीन यात्रियों की मौत
शनिवार को भी उत्तरी अफगानिस्तान के समंगन प्रांत में एक कार पलटने से तीन यात्रियों की मौत हो गई। वहीं दो अन्य घायल हुए। यह हादसा दारा-ए-सूफ़ी पायन इलाके में हुआ। इसी तरह शुक्रवार सुबह समंगन प्रांत में दो अलग-अलग सड़क हादसों मे दो लोगों की मौत हो गई। वहीं चार अन्य घायल हो गए। सभी घायलों को पड़ोसी बाल्ख प्रांत के अस्पताल में ले जाया गया।
नौ यात्रियों की मौके पर ही मौत
बीते सप्ताह मंगलवार को भी पश्चिमी बदगीस प्रांत में तीन मोटरसाइकिलों की भिड़ंत हो गई। इस दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच घायल हो गए। उसी दिन उत्तरी बगलान प्रांत के खोस्त-ओ-फरिंग इलाके में एक मिनी बस गहरी खाई में गिर गई। इस दौरान नौ यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। सात अन्य घायल हुए। सोमवार को भी उत्तरी बदख़्शान और पूर्वी गज़नी प्रांतों में सड़क हादसों में 17 लोगों की मौत हो गई थी।