Terrorist Attack in Karachi: पाकिस्तान का कराची शहर शनिवार को एक बड़े आतंकवादी हमले से दहल उठा। शहर के गुलिस्तान-ए-जौहर इलाके में स्थित सिंध रेंजर्स के मुख्यालय को निशाना बनाकर किए गए फिदायीन हमले में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन रेंजर्स जवान भी शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने पहले मुख्यालय के प्रवेश द्वार पर विस्फोट किया और इसके बाद इलाके में अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी।
धमाके के बाद कई घंटे चला सुरक्षा अभियान
हमले के तुरंत बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस, रैपिड रिस्पॉन्स फोर्स, स्पेशल सिक्योरिटी यूनिट (SSU), एंटी टेररिस्ट फोर्स (ATF) और रेंजर्स के अतिरिक्त जवानों को मौके पर भेजा गया। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों के अनुसार, मॉपिंग-अप ऑपरेशन चलाया गया ताकि किसी भी अन्य हमलावर की मौजूदगी की पुष्टि की जा सके।
तीन हमलावर भी मारे जाने की सूचना
सिंध पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में तीन आतंकवादियों के भी मारे जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, हमले की पूरी साजिश और इसमें शामिल संगठन के बारे में जांच जारी है। घटनास्थल के आसपास कई शैक्षणिक संस्थान और पाकिस्तान मौसम विभाग का कार्यालय होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
यह भी देखेंःPM Modi Meets Jonathan: 194 साल के विशालकाय कछुए 'जोनाथन' से मिले PM मोदी, सोशल मीडिया पर साझा की तस्वीरें
रेस्क्यू टीमों ने संभाला मोर्चा
धमाके की सूचना मिलते ही रेस्क्यू 1122 की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट पर रखा गया। वरिष्ठ प्रशासनिक और राहत अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। सुरक्षा एजेंसियां इलाके की लगातार तलाशी लेकर हालात पूरी तरह सामान्य करने में जुटी रहीं।
मुख्यमंत्री ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट
घटना के बाद सिंध के मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह ने हमले का संज्ञान लेते हुए पुलिस और प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट तलब की। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए और हमले की प्रकृति तथा सुरक्षा चूक की जांच करने को कहा। वहीं, सिंध के गृह मंत्री ने भी अधिकारियों से पूरी घटना की जानकारी मांगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां हमले के सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं।